
काशीपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जनपद में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र का अनावरण कर माल्यार्पण किया तथा श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान गांधी जी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ सहित रामधुन का गायन किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि महापुरुषों के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर उनके बताए मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए। महात्मा गांधी सत्य और अहिंसा के अपने विचारों एवं व्यवहार से पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि गांधी और शास्त्री जी के विचार सदैव समाज और देश का मार्गदर्शन करते रहेंगे जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सदैव सत्य का साथ देना चाहिए तथा अपने मन और वाणी को सकारात्मक रखना चाहिए। महात्मा गांधी ने अनेकता में एकता की भावना को सहज रूप से समाज के सामने प्रस्तुत किया और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए धैर्यपूर्वक प्रयास किए। उन्होंने देश को एकजुट करने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्म पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करने चाहिए, क्योंकि कर्म ही पूजा है। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। तभी समाज का समग्र विकास संभव है। गांधी जी के विचारों के अनुरूप कथनी और करनी में एकरूपता लाना भी आवश्यक है। जिलाधिकारी ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके द्वारा दिया गया ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देश के विकास में जवानों और किसानों के महत्व को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि देश का युवा आगे बढ़े और किसान खुशहाल हों, तभी देश विकास की नई गाथा लिख सकता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।कार्यक्रम में अपर उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, ओसी हिमांशु क़फ़्लटिया, तहसीलदार दिनेश कुटौला सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
