Screenshot_20261002_073812_Google

नई व्यवस्था से ग्राहकों को मिलेगी राहत, सप्ताह के सातों दिन करा सकेंगे रजिस्ट्री

काशीपुर। ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डाक विभाग ने एक नई पहल शुरू की है। अब पोस्ट ऑफिस में रविवार के दिन भी रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे उन लोगों को विशेष राहत मिलेगी, जिन्हें कार्य दिवसों में समय के अभाव के कारण डाक सेवाओं का लाभ लेने में परेशानी होती थी। अभी तक रविवार को अवकाश होने के कारण लोगों को रजिस्ट्री एवं अन्य डाक सेवाओं के लिए सोमवार तक इंतजार करना पड़ता था। इसके चलते जरूरी दस्तावेज भेजने में भी देरी हो जाती थी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब सप्ताह के सातों दिन रजिस्ट्री कराई जा सकेगी। पोस्ट मास्टर विनोद खंतवाल ने बताया कि यह व्यवस्था विशेष रूप से उन ग्राहकों के लिए लाभकारी होगी, जो सप्ताह के कामकाजी दिनों में समय नहीं निकाल पाते हैं। रविवार को रजिस्ट्री की सुविधा शुरू होने से पोस्ट ऑफिस में भीड़ कम होने की उम्मीद है और ग्राहकों को तेज सेवा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि डाक विभाग का उद्देश्य ग्राहकों को सुविधाजनक और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है। नई व्यवस्था से जरूरी दस्तावेजों को भेजने में होने वाली देरी भी कम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *