October 14, 2026
IMG-20261014-WA0024

काशीपुर, 13 अक्टूबर। वैश्य शिरोमणि श्री श्री 1008 महाराजा अग्रसेन जी महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में कुमाऊँ वैश्य महासभा (रजि.), काशीपुर द्वारा चौथी वार्षिक शोभायात्रा आयोजित की गई। महाराजा अग्रसेन जी के सेवा, समानता, सहयोग और सामाजिक एकता के आदर्शों को समर्पित भव्य शोभायात्रा सायंकाल मोहल्ला किला से प्रारंभ होकर रामलीला मैदान पहुँची, जहाँ लगभग दो दर्जन स्थानों पर विभिन्न व्यक्तियों और प्रमुख राजनैतिक / सामाजिक संस्थाओं द्वारा स्वागत जलपान आदि किया गया।

शोभायात्रा में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक संदेशों से सजी झाँकियाँ आकर्षण का केंद्र रहीं। हनुमान प्रसाद पोद्दार जी की झाँकी, जैन समाज की महावीर स्वामी जी की झाँकी, विश्नोई समाज की प्रकृति संरक्षण का संदेश देती झाँकी, भगवान कार्तिकेय जी, माँ महालक्ष्मी जी तथा नीब करौरी बाबा जी की झाँकियों ने आयोजन को विविधता प्रदान की। बैंड की धार्मिक धुनों और महाराजा अग्रसेन जी के जयघोष से यात्रा मार्ग भक्तिमय रहा। महाराजा अग्रसेन जी महाराज का सुसज्जित रथ श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना रहा।

यात्रा मार्ग में विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा, आरती और जलपान से शोभायात्रा का स्वागत किया। महिलाओं, युवाओं और समाज के वरिष्ठजनों की सहभागिता ने सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया। विभिन्न समाजों की झाँकियों की भागीदारी ने आपसी सम्मान और सद्भाव की भावना को भी अभिव्यक्त किया।

आयोजन का प्रमुख संदेश महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को जीवन में अपनाना रहा। उनके ‘एक ईंट और एक रुपया’ के सिद्धांत में निहित सहयोग की भावना समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे बढ़ने का अवसर देने की प्रेरणा देती है। शोभायात्रा के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक और पारिवारिक विरासत से जोड़ने तथा सेवा और सहयोग के संस्कारों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

कुमाऊँ वैश्य महासभा के संरक्षक श्री योगेश जिन्दल जी, अध्यक्ष एम. पी. गुप्ता जी, महामंत्री कपिल अग्रवाल जी, कोषाध्यक्ष के. सी. बंसल जी तथा शोभायात्रा संयोजक एवं कुमाऊँ वैश्य युवा महासभा, काशीपुर के अध्यक्ष प्रियांशु बंसल जी के संयोजन में आयोजन व्यवस्थित संपन्न हुआ।
कुमाऊँ वैश्य महासभा ने आयोजन में सहयोग देने वाले समाज के सदस्यों, झाँकी प्रस्तुत करने वाले संगठनों, स्वागत करने वाले प्रतिष्ठानों, सामाजिक और राजनैतिक संगठनों का और सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। महासभा ने सेवा, सामाजिक समरसता और सामूहिक सहयोग के माध्यम से महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराते हुए भविष्य में समाज हित में अन्य कार्य भी प्रारम्भ करने के प्रयास का भी संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!