November 2, 2026
Screenshot_20261102_152748_WhatsApp

काशीपुर। नगर निगम परिसर में दूसरी बार लगाए गए भव्य दीपावली स्वदेशी मेले का सोमवार दोपहर नगर निगम महापौर दीपक बाली ने विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने नगर एवं क्षेत्र वासियों से अनुरोध किया कि वह इस दीपावली स्वदेशी मेले में पधारकर स्वदेशी निर्मित सामानों की खरीदारी कर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त बनाने के साथ-साथ गरीब दुकानदारों का भी उत्साह वर्धन करें। मेले में बनाया गया “सेल्फी प्वाइंट” यादगार साबित हो रहा है, जिसमें सेल्फी लेते लोग यह कहते नजर आए कि पिछली बार भी हमने यहीं सेल्फी ली थी। उल्लेखनीय है कि पूर्व में यह मेला जीजीआईसी के सामने पुरानी जेल परिसर में लगता था लेकिन वहां मल्टी पार्किंग का निर्माण शुरू होने से दीपावली मेले के आयोजन में दिक्कत के चलते गरीब दुकानदार बहुत परेशान थे। गरीब दुकानदारों का दर्द समझते हुए महापौर दीपक बाली ने पिछले वर्ष इस मेले का आयोजन नगर निगम परिसर में शुरू करा दिया था‌। आयोजन सफल रहा। इस सफलता को दृष्टिगत रखते हुए इस मेले का आयोजन इस वर्ष भी नगर निगम परिसर में किया जा रहा है, जिसका विधिवत उद्घाटन आज दोपहर महापौर दीपक बाली द्वारा किया गया। यह मेला दीपावली तक जारी रहेगा। मेले में लगी दुकानों पर स्वदेशी उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। स्वयं सहायता समूह की बहनों श्रीमती गीता चंद्रा, रेनू नौटियाल, गायत्री देवी, मंजू, रजनी देवी, ममता, पूनम गोला, राशिदा, फ़हमीदा और फरीदा की मिट्टी की मूर्ति, हस्त निर्मित पायदान, दरी, मिट्टी से बनी हटरी, गुलदस्ते, डलिया, टोकरी, बैडशीट, कुशन कवर, चाय व खाने के स्टाल के अतिरिक्त पीओपी से बनी मूर्ति और गोबर से बने उत्पाद मेले का मुख्य आकर्षण हैं। हथकरघा डिजाइन सेंटर द्वारा भी मेले में प्रदर्शनी लगाई गई है जिसके मालिक राज्य स्तर पर सम्मानित मोहम्मद इसरार हुसैन हैं।मेले में सौंदर्य प्रसाधन, चूड़ी, प्लास्टिक की मालायें, इलैक्ट्रिक झालरें, मिट्टी के दिये, मूर्ति, कलैंडर व तस्वीरों व खान-पान के स्टालों समेत कुल 53 दुकानें लगी हैं, जिन पर खरीदारी के लिए ग्राहक पहुंचना शुरू हो गये हैं और “सेल्फी प्वाइंट” में सेल्फी लेकर इस मेले को यादगार बना रहे हैं। मेले में दुकानदारों और ग्राहकों की सुरक्षा हेतु व्यापक इंतजाम किए गए हैं। आज उद्घाटन अवसर पर नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, शालिनी नेगी, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, चौधरी समरपाल सिंह, सफाई निरीक्षक दिनेश ध्यानी, पार्षद पुष्कर बिष्ट सीमा सागर प्रिंस बाली बीना नेगी नगर निगम कर्मचारी तनवीर आलम, पीयूष प्रधान, चेतन अरोड़ा जसवीर सिंह सैनी राजकुमार यादव आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कर अधीक्षक अनिरुद्ध गौड द्वारा किया गया। इस अवसर पर दुकानदारों एवं एकत्र समूह को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई और महापौर दीपक बाली ने मेले का भ्रमण कर स्टालों का निरीक्षण कर दुकानदारों को दीपावली की शुभकामनाएं दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!