November 14, 2026
IMG-20261114-WA0044

अलका पाल बोलीं- पंडित नेहरू की दूरदर्शी सोच ने रखी आधुनिक भारत की मजबूत नींव, उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक

काशीपुर। देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर काशीपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पुरानी सब्जी मंडी स्थित छोटे नीम के नीचे महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम महानगर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती अलका पाल के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान उपस्थित कांग्रेसियों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और देश के विकास में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिन पूरे देश में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। नेहरू जी का बच्चों के प्रति विशेष स्नेह था और वे बच्चों को देश का भविष्य मानते थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए यह दिन केवल एक जयंती समारोह नहीं, बल्कि देश के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देने वाले महान व्यक्तित्व के विचारों और आदर्शों को याद करने का अवसर भी है।
अलका पाल ने अपने संबोधन में कहा कि जब देश अंग्रेजों की गुलामी से आजाद हुआ, उस समय भारत के सामने आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास से जुड़ी अनेक चुनौतियां थीं। देश के पास संसाधनों की भारी कमी थी और विकास का रास्ता आसान नहीं था। ऐसी कठिन परिस्थितियों में पंडित जवाहरलाल नेहरू ने अपनी दूरदर्शी सोच, मजबूत इच्छाशक्ति और आधुनिक विकास की परिकल्पना के साथ देश को आगे बढ़ाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू ने भारत को एक आधुनिक, आत्मनिर्भर और वैज्ञानिक सोच वाला राष्ट्र बनाने का सपना देखा था। उनके नेतृत्व में देश में औद्योगिक विकास, शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी संस्थानों और सार्वजनिक क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक समानता को मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर दिया। आजादी के बाद भारत को विकास की दिशा देने में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा शुरू की गई विकास की परिकल्पना को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। आधुनिक भारत के निर्माण का उनका सपना आज भी प्रासंगिक है। उनके विचार देश को एकजुट रखने, लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और शिक्षा एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू ने जिस भारत की कल्पना की थी, उसमें हर नागरिक को समान अवसर मिले, समाज में भाईचारा बना रहे और देश शिक्षा, विज्ञान तथा विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करे। कांग्रेस पार्टी आज भी उनके इन्हीं मूल्यों और विचारों को लेकर आगे बढ़ रही है। कार्यक्रम के अंत में अलका पाल ने उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पंडित जवाहरलाल नेहरू के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने के लिए कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान सभी कांग्रेसियों ने नेहरू जी के बताए मार्ग पर चलने और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन,वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुशील गुड़िया,विमल गुड़िया, हरीश कुमार सिंह, सुशील भटनागर, अर्पित मेहरोत्रा,कुलदीप एरी, मीनू गुप्ता, कुमकुम सक्सेना, परम सिद्धू ,सारिम सैफी, जितेंद्र सरस्वती, रवि पपने, अभिषेक अरोरा, संजय अरोरा ,मीणा आर्य, टीका सिंह सैनी, विनोद मेहरोत्रा, अब्दुल समद, महेंद्र बेदी, चंद्रभूषण डोभाल, त्रिलोक सिंह अधिकारी, अर्पित मेहरोत्रा, सुरेंद्र बाटला,रमेश कश्यप, इकबाल अदीब, एड. अनिल शर्मा, राजेश शर्मा, गौरव रस्तोगी, रामकिशोर सैनी,इरशाद सैफी,
नजमी अंसारी, रामकिशन माली, शाह आलम, एसपी सिंह, राकेश भगत,हरदासी लाल, सलीम हुसैन, मोहम्मद सैफ, डॉ. करण पाल, जगदीश पाल, प्रदीप जोशी, हरीश त्रिपाठी, सुभाष पाल, अफसर अली, साबिर हुसैन, सलमान अली, शरद पंत,तौकीर अंसारी, इफ्तिखार छना, शंकर लाल, वसीम राजा, अशोक शर्मा, सुंदरलाल पाल, अमर सिंह पाल, मोहम्मद रिजवान आदि बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!