November 14, 2026
Screenshot_20261114_191519_WhatsApp

काशीपुर। जागृति पब्लिक स्कूल में 14 नवंबर को बाल दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा पंडित जवाहरलाल नेहरू (चाचा नेहरू) के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ किया गया। इसके पश्चात बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए तथा आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। इस दौरान बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों एवं गतिविधियों का आयोजन भी किया गया, जिसमें उन्होंने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। खेलों के माध्यम से बच्चों को मनोरंजन के साथ-साथ आपसी सहयोग, अनुशासन और खेल भावना का संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्री कौशल किशोर पंत ने बच्चों को संबोधित करते हुए बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं और विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने वाले बच्चों को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास को विकसित करने के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां भी महत्वपूर्ण हैं। वहीं विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती बबीता पंत ने बच्चों को बाल दिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जिसे सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से निखारा जा सकता है। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। पूरे विद्यालय परिसर में खुशी और उमंग का माहौल रहा। कार्यक्रम का समापन बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और यादगार पलों के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!