काशीपुर। वीरता, स्वाभिमान, त्याग और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर आज काशीपुर के महाराणा प्रताप चौक पर पूजा अर्चना एवं माल्यार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में आमजन भी शामिल हुए। सभी ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना कर पुष्प अर्पित किए और उनके अदम्य साहस, शौर्य एवं मातृभूमि के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति और गौरव की भावना से ओतप्रोत नजर आया। महाराणा प्रताप चौक पर सुबह से ही लोगों का जुटना शुरू हो गया था। उपस्थित लोगों ने महाराणा प्रताप अमर रहें और वीरता के प्रतीक महाराणा प्रताप को नमन जैसे उद्घोषों के साथ पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने एक मंच पर आकर यह संदेश दिया कि महाराणा प्रताप केवल इतिहास का एक नाम नहीं, बल्कि राष्ट्र स्वाभिमान की जीवंत प्रेरणा हैं, जिनके आदर्श आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर नगर निगम महापौर दीपक बाली ने कहा कि महाराणा प्रताप पूरे देश का गौरव है और उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार महाराणा प्रताप ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं किया और मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष का मार्ग चुना, वह इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में दर्ज है। महापौर ने कहा कि महाराणा प्रताप की जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने का अवसर है। उन्होंने सभी काशीपुरवासियों को इस पावन अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए समाज में एकता, भाईचारे और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। दर्जा राज्य मंत्री सीमा चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि महाराणा प्रताप किसी एक समाज या वर्ग के नहीं, बल्कि पूरे देश और सर्व समाज के महापुरुष है। उनका जीवन हमें संघर्ष, स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम की शिक्षा देता है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने मेवाड़ की स्वतंत्रता और अपनी आन-बान-शान की रक्षा के लिए जो संघर्ष किया, वह सदियों तक याद रखा जाएगा। सीमा चौहान ने कहा कि आज जरूरत इस बात की है कि हम उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें तथा नई पीढ़ी को भी उनके आदर्शों से परिचित कराएं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता संदीप सहगल ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के ऐसे युगपुरुष हैं, जिनकी वीरता, दूरदर्शिता और राष्ट्रनिष्ठा हर पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने कठिन परिस्थितियों में भी कभी अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया और अपने संघर्ष से यह सिद्ध कर दिया कि सच्चा योद्धा वही होता है जो अपने सिद्धांतों और मातृभूमि के सम्मान के लिए अंतिम सांस तक लड़ता है। उन्होंने कहा कि हमें अपने बच्चों को महाराणा प्रताप के जीवन चरित्र और उनके संघर्षों की गाथा से अवगत कराना चाहिए, ताकि उनमें भी देशभक्ति, स्वाभिमान और त्याग की भावना विकसित हो सके कार्यक्रम में डॉ. नरेश चौहान, डॉ. प्रियांक चौहान, अवनीश सिंह, एडवोकेट हरिश कुमार सिंह, राधा चौहान सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समाज तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



