




काशीपुर। जसपुर रोड स्थित अनाज मंडी के पीछे संचालित प्रगति कॉलेज में आयोजित भव्य फेयरवेल पार्टी का माहौल उत्साह, उमंग और रंगारंग प्रस्तुतियों से सराबोर रहा। कॉलेज परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने डांस, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्य मंत्री सीमा चौहान ने शिरकत कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभाशीष दिया। प्रगति कॉलेज क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित संस्थान के रूप में अपनी पहचान बना चुका है, जहां बी.फार्मा, डी.फार्मा, बीएससी एवं एमएलटी जैसे रोजगारपरक कोर्स संचालित किए जाते हैं। कॉलेज प्रबंधन द्वारा सैनिकों के बच्चों, स्वतंत्रता सेनानी परिवारों एवं अग्निवीरों के प्रवेश में विशेष छूट प्रदान की जाती है, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके। इसके अतिरिक्त संस्था द्वारा प्रगति हॉस्पिटल के नाम से काशीपुर में स्वास्थ्य सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं, जिसका संचालन एमबीबीएस सर्जन डॉ. नरेश चौहान एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. तनु चौहान के निर्देशन में किया जा रहा है। फेयरवेल समारोह में छात्र-छात्राओं के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मिस्टर फ्रेशर प्रिंस, मिस फ्रेशर प्रियंका, मिस्टर स्पार्क गुरनाम तथा मिस स्पार्क प्रीति पाल को विभिन्न खिताबों से सम्मानित किया गया। विजेताओं के नाम घोषित होते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन डॉ. नरेश चौहान ने कहा कि प्रगति कॉलेज में आयोजित यह फेयरवेल पार्टी केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता को मंच प्रदान करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया, रंगारंग प्रस्तुतियां दीं और समारोह को यादगार बना दिया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कॉलेज परिवार हमेशा अपने विद्यार्थियों के साथ खड़ा रहेगा। कॉलेज की डायरेक्टर डॉ. तनु चौहान ने बताया कि यह फेयरवेल पार्टी बी.फार्मा एवं डी.फार्मा प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा द्वितीय वर्ष डिप्लोमा के विद्यार्थियों को दी गई, और यह परंपरा पिछले नौ वर्षों से लगातार निभाई जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आपसी प्रेम, सम्मान और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं तथा शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं मान्यता प्राप्त विद्यालय प्रबंधन महासंघ के अध्यक्ष सुशील कुमार शर्मा ने भी विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने, मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की प्रेरणा दी। मुख्य अतिथि सीमा चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश का भविष्य है और शिक्षा ही सफलता का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने सपनों को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन डॉ. नरेश चौहान, डायरेक्टर डॉ. तनु चौहान, मुख्य अतिथि सीमा चौहान, सुशील कुमार शर्मा, जितेंद्र देवलाल, अवनीश चौहान, प्रधानाचार्या आकांक्षा चौहान, फैकल्टी सदस्य भास्कर, विजय, शबनम, फिरोज, देवेश, गुलाफ्शां सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव जैसा माहौल बना रहा और विद्यार्थियों ने इस यादगार पल को अपने साथ संजो लिया। प्रगति कॉलेज की यह फेयरवेल पार्टी शिक्षा, संस्कार और उत्साह का सुंदर संगम बनकर सभी के दिलों में विशेष छाप छोड़ गई।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



