




काशीपुर द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल में मातृ दिवस के अवसर पर “मातृ देवो भव” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय परिसर श्रद्धा, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों से ओत-प्रोत दिखाई दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के मन में माता-पिता विशेषकर मां के प्रति सम्मान, प्रेम और सेवा भाव की भावना जागृत करना था। विद्यालय में आयोजित इस सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम में बच्चों ने अपने माता-पिता का पूजन कर भारतीय संस्कृति के महान संस्कारों को जीवंत किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पटियाला से पधारे स्वामी माधवानंद जी ने बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं पारिवारिक मूल्यों का महत्व समझाया। उन्होंने विद्यालय में पूजा-अर्चना करवाई तथा बच्चों को यह शिक्षा दी कि माता-पिता हमारे जीवन में भगवान के समान होते हैं और उनका सम्मान करना प्रत्येक संतान का प्रथम कर्तव्य है। इस दौरान बच्चों ने अपने माता-पिता का पूजन किया, उन्हें पुष्प अर्पित किए तथा चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। अपने संबोधन में श्री माधवानंद जी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में “मातृ देवो भव” का विशेष महत्व है, जिसका अर्थ है मां को भगवान के समान मानना। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम भगवान की पूजा फूल, चंदन, प्रसाद और धूपबत्ती से करते हैं, उसी प्रकार बच्चों को अपनी मां का सम्मान और सेवा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में संस्कार निर्माण का कार्य करते हैं और समाज को एक सकारात्मक दिशा देते हैं। इस अवसर पर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना भी की गई तथा पूरे विद्यालय परिसर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। विद्यालय के चेयरमैन नीरज कपूर ने कहा कि गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल में में मातृ दिवस को “मातृ देवो भव” के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बच्चों द्वारा अपने माता-पिता की पूजा करने का यह कार्यक्रम भारतीय संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि बच्चों में अच्छे संस्कार और पारिवारिक मूल्यों का विकास ही शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य है। द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल की संयुक्त प्रबंध निदेशिका कामाक्षी कपूर ने कहा कि गुरुकुल का अर्थ ही अपने गुरुजनों और माता-पिता का आदर-सम्मान करना है। उन्होंने कहा कि मां हमारे जीवन की पहली गुरु होती है और उनका सम्मान करना प्रत्येक बच्चे का धर्म है। मदर्स डे के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों को अपनी जड़ों और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा माता-पिता को पुष्प अर्पित कर उनका पूजन करना अत्यंत भावुक और प्रेरणादायक दृश्य था। विद्यालय की प्रधानाचार्या विभा तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों के मन में अभिभावकों के प्रति सम्मान की भावना धीरे-धीरे कम होती दिखाई दे रही है। ऐसे में विद्यालय का प्रयास है कि बचपन से ही बच्चों को माता-पिता के महत्व और उनके त्याग की शिक्षा दी जाए। उन्होंने कहा कि यदि छोटे बच्चों को प्रारंभ से ही अच्छे संस्कार दिए जाएं तो बड़े होकर वही संस्कार उनके व्यवहार में दिखाई देते हैं और वे समाज के आदर्श नागरिक बनते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के दोनों कैंपस में बच्चों एवं अभिभावकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। पूरा वातावरण भारतीय संस्कृति, पारिवारिक प्रेम और मातृ सम्मान की भावना से सराबोर दिखाई दिया। इस अवसर पर स्कूल की चेयरपर्सन चंपा कपूर, अध्यक्ष नीरज कपूर, डायरेक्टर वसुधा कपूर, गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल की संयुक्त प्रबंध निदेशक कामाक्षी कपूर,प्रधानाचार्या जैतपुर केम्पस मीनल बधवार, उप प्रधानाचार्य शुभांगी शर्मा, प्रधानाचार्य बाजपुर रोड केंपस विभा तिवारी, स्कूल इंचार्ज सुरभि चौहान के साथ समस्त स्कूल का स्टाफ उपस्थित रहा

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



