काशीपुर। उत्तराखंड की प्रसिद्ध भगवान श्री विश्वनाथ एवं मां जगदीशिला डोली रथ यात्रा के रविवार सायं काशीपुर पहुंचने पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला। बाजपुर रोड स्थित पूर्व दर्जा राज्यमंत्री स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा के प्रतिष्ठान “मेहरोत्रा इंटरप्राइजेज” पर मेहरोत्रा परिवार एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने डोली रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान श्री विश्वनाथ एवं मां जगदीशिला का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर यात्रा के मुख्य पुरोहित एवं उत्तराखंड के पूर्व शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने डोली यात्रा के पौराणिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि विशोन पर्वत सदियों से ऋषि-मुनियों और धर्मगुरुओं की तपोस्थली रहा है। उन्होंने कहा कि स्वामी रामतीर्थ ने भी यहां कठोर तपस्या की थी और उसी पावन स्थल से यह डोली यात्रा प्रारंभ होती है। पिछले 26 वर्षों से निरंतर यह यात्रा निकाली जा रही है तथा इस वर्ष 27वीं यात्रा आयोजित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि इस देवयात्रा का उद्देश्य विश्व कल्याण, देव संस्कृति को जीवित रखना तथा चारधाम के अतिरिक्त उत्तराखंड के अन्य प्राचीन शक्तिपीठों और देवालयों की पहचान को देशभर में स्थापित करना है। उन्होंने बताया कि देवभूमि उत्तराखंड में अनेक ऐसे सिद्ध एवं शक्तिपीठ हैं, जहां लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है और श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। मंत्री प्रसाद नैथानी ने बताया कि यह डोली यात्रा प्रतिवर्ष लगभग साढ़े दस हजार किलोमीटर की यात्रा करती है और 2200 से अधिक देवालयों की परिक्रमा करते हुए हरिद्वार में गंगा स्नान के पश्चात विशोन पर्वत पहुंचकर संपन्न होती है।

इस वर्ष यात्रा 28 अप्रैल को हरिद्वार से प्रारंभ हुई थी, जो देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चंपावत, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, नैनीताल होते हुए ऊधम सिंह नगर जनपद पहुंची है। उन्होंने बताया कि आगामी 25 मई को गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर विशोन पर्वत पहुंचकर यात्रा का समापन होगा।

करीब एक माह तक चलने वाली इस धार्मिक यात्रा का काशीपुर में श्रद्धालुओं ने भावपूर्ण स्वागत किया। इसके बाद यात्रा अपने अगले पड़ाव जसपुर होते हुए हरिद्वार के लिए रवाना हो गई। स्वागत समारोह के दौरान पूर्व दर्जा राज्यमंत्री स्व. मुकेश मेहरोत्रा की पत्नी श्रीमती वीना मेहरोत्रा, मेहरोत्रा इंटरप्राइजेज के स्वामी अर्पित मेहरोत्रा, पुत्रवधू श्रीमती नवदीप मेहरोत्रा सहित अलका पाल, लता शर्मा, मनोज जोशी एडवोकेट, उमेश जोशी एडवोकेट, संदीप सहगल एडवोकेट, अरुण चौहान, मुशर्रफ हुसैन, पंकज पंत, जितेंद्र सरस्वती, रवि ढींगरा, अफसर अली, अरविंद शर्मा, इलियास माहिगीर, विकल्प गुड़िया, आशुतोष, मनोज जैन, चक्रेश जैन

राशिद फारुकी, राहुल रमणदीप कांबोज, सुभाष पाल, तरुण लोहनी, राजेंद्र पेंटर, त्रिलोक सिंह अधिकारी, इंदर सिंह एडवोकेट, पुनीत कपूर, ब्रजकिशोर सिंह, डॉ. रमेश कश्यप, विनोद मेहरोत्रा, अमित शर्मा, योगेश जोशी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन चंद्रभूषण डोभाल एवं विनोद शर्मा होंडा ने संयुक्त रूप से किया।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



