IMG-20260604-WA0067

काशीपुर। गढ़ीनेगी नगर पंचायत चुनाव अब बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुका है। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कई प्रत्याशी मैदान में हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सचिन बाठला और निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा के बीच माना जा रहा है। दोनों उम्मीदवारों के समर्थक अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं और चुनावी माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। भाजपा प्रत्याशी सचिन बाठला के समर्थकों का कहना है कि सचिन बाठला की भाभी अंशिका बाठला पूर्व में गढ़ीनेगी ग्राम प्रधान रह चुकी हैं। उनके कार्यकाल में गांव में अनेक विकास कार्य कराए गए, जिनमें सड़क, शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया। समर्थकों का दावा है कि सचिन बाठला ने भी भाजपा संगठन से जुड़े रहते हुए क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और शीर्ष नेताओं के सहयोग से कई योजनाओं को क्षेत्र तक पहुंचाया है।
वहीं निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा के समर्थक एवं पूर्व ग्राम प्रधान वरुण चौधरी का कहना है कि अभिषेक सुखीजा को हर वर्ग का भरपूर समर्थन मिल रहा है। विशेष रूप से युवाओं में उनके प्रति उत्साह देखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभिषेक ने युवाओं का एक संगठन तैयार किया है, जो क्षेत्र में सामाजिक और विकासात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उनके अनुसार प्रजापति समाज, दलित समाज, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा बड़ी संख्या में युवा मतदाता अभिषेक सुखीजा के समर्थन में हैं, जिससे उनकी जीत की संभावनाएं मजबूत दिखाई दे रही हैं। अभिषेक सुखीजा के एक अन्य समर्थक सुभाष शर्मा ने कहा कि गढ़ीनेगी विकास की दौड़ में पीछे रह गया है और अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो सके हैं। उनका दावा है कि अभिषेक सुखीजा और उनकी युवा टीम ने क्षेत्र की समस्याओं को उठाने तथा विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया है, जिसके चलते जनता का रुझान उनकी ओर बढ़ रहा है। फिलहाल दोनों पक्ष अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं और चुनावी प्रचार भी पूरे जोर-शोर से जारी है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि गढ़ीनेगी की जनता किस प्रत्याशी पर भरोसा जताती है और नगर पंचायत की कमान किसे सौंपती है। चुनाव परिणाम ही तय करेंगे कि मतदाताओं ने विकास, अनुभव और नए नेतृत्व में से किसे अपनी पहली पसंद माना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!