







खटीमा। उत्तराखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अंतर्गत अल्पसंख्यक निदेशालय, देहरादून से जनरल मैनेजर डॉ. शाहिद समी सिद्दीकी ने खटीमा जनपद उधम सिंह नगर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय के बच्चों, युवाओं एवं अभिभावकों से संवाद कर राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में डॉ. सिद्दीकी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार अल्पसंख्यक समुदाय के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें रोजगार और शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हुनर योजना के अंतर्गत 18 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं को विभिन्न व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किए जाते हैं। इनमें सिलाई, कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर, कंप्यूटर प्रशिक्षण सहित अन्य रोजगारपरक कोर्स शामिल हैं। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवा स्वयं का रोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। डॉ. सिद्दीकी ने स्वरोजगार योजना की जानकारी देते हुए बताया कि अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए सरकार द्वारा ऋण उपलब्ध कराया जाता है, जिसमें 25 प्रतिशत तक सब्सिडी का लाभ दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से युवा एवं अन्य पात्र व्यक्ति अपना व्यापार या स्वरोजगार स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने आगे बताया कि सरकार की शिक्षा ऋण योजना के तहत एमबीबीएस, बीएमएस, बीटेक तथा अन्य तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बिना ब्याज के शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जाता है। विद्यार्थी अपनी पढ़ाई पूरी होने के छह माह बाद आसान किस्तों में ऋण राशि का भुगतान कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने मौलाना आजाद छात्रवृत्ति योजना सहित अन्य शैक्षिक सहायता योजनाओं की भी जानकारी दी और अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों से इनका लाभ उठाने का आह्वान किया। डॉ. सिद्दीकी ने बताया कि उत्तराखंड सरकार द्वारा मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध, पारसी और जैन सहित सभी मान्यता प्राप्त अल्पसंख्यक समुदायों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य शिक्षा, कौशल विकास और आर्थिक सशक्तिकरण के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ना है। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं एवं अभिभावकों ने योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी कार्यक्रमों की सराहना की। अधिकारियों ने लोगों से योजनाओं का लाभ लेने और अधिक जानकारी के लिए संबंधित विभागीय कार्यालयों से संपर्क करने की अपील की।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



