IMG-20260606-WA0039

काशीपुर। राज्य निर्माण आन्दोलनकारियों का सम्मान सम्मेलन स्थानीय श्री अग्रवाल सभा में आयोजित किया गया, जिसमें नगर के चिन्हीकरण हेतु आवेदन करने वाले बड़ी संख्या में आन्दोलनकारियों ने भाग लिया। सम्मेलन में उत्तराखण्ड राज्य निर्माण आन्दोलन में योगदान देने वाले चिन्हित आन्दोलनकारियों तथा आवेदकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ घोषित आन्दोलनकारियों नरपत सिंह राजपूत, राजेन्द्र पाल एवं शोभित कुमार के भव्य स्वागत से हुआ। प्रदेश, जिला एवं नगर इकाई के पदाधिकारियों तथा उपस्थित आन्दोलनकारियों ने उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री विनय विश्नोई ने किया। उन्होंने कहा कि चिन्हीकरण को लेकर राज्य निर्माण सक्रिय आन्दोलनकारी समिति उत्तराखण्ड की कोर कमेटी ने विस्तृत मंथन कर आगामी रणनीति तय की है तथा विभिन्न जिम्मेदारियों का वितरण करते हुए सभी कार्यों को एकजुटता के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है। प्रदेश स्तरीय समिति के महामंत्री नीरज ठाकुर ने कहा कि समिति काशीपुर के लगभग 215 आवेदित राज्य आन्दोलनकारियों के चिन्हीकरण एवं उनके अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष कर रही है। उन्होंने आवेदकों से किसी भी प्रकार के भ्रम या भ्रामक प्रचार से बचने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश एवं जिला इकाई लगातार राज्य सम्मान परिषद, सचिवालय तथा जिला प्रशासन के संपर्क में है।
नगर महामंत्री अनुराग सारस्वत ने सभी उपस्थित आवेदकों का स्वागत करते हुए समिति के मुख्य संरक्षक से मार्गदर्शन देने का अनुरोध किया। मुख्य संरक्षक ने कहा कि पिछले 21 वर्षों से आन्दोलनकारी साथी अपने चिन्हीकरण के लिए संघर्ष कर रहे हैं और घोषित आन्दोलनकारी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। उन्होंने कहा कि सभी साथियों को उनका सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। सम्मेलन के दौरान घोषित आन्दोलनकारियों द्वारा 60 आवेदकों को “उत्तराखण्ड सक्रिय आन्दोलन सम्मान पत्र” प्रदान किए गए। सम्मान पत्र प्राप्त कर कई आवेदक भावुक हो उठे और उन्होंने इसे अपने संघर्ष तथा योगदान की महत्वपूर्ण पहचान बताया। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ही जिले में दो अलग-अलग मानदंड अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि खटीमा के आवेदनों पर विचार किया जा रहा है, जबकि काशीपुर के आवेदनों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि आन्दोलनकारी अब केवल मांग नहीं करेंगे, बल्कि अपना अधिकार प्राप्त करके रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में मीडिया प्रतिनिधियों का भी आभार व्यक्त किया गया। सम्मेलन में वेद प्रकाश विद्यार्थी, संदीप सहगल, मयंक गुप्ता, मीनू लता गुप्ता, महेन्द्र खुराना, महेन्द्र कुमार, राम सिंह, इरशाद, दीपक कश्यप, सुनील प्रताप सिंह, डॉ. दिनेश शर्मा, भूपेन्द्र कुमार, रामकुमार, सतीश कुमार, विनोद कुमार, जयपाल सिंह अहेरिया, रिजवान अहमद, डॉ. ए.के. सेन, अमित शर्मा, विनय शर्मा, अरविन्द कुमार, सुभाष चन्द्र शर्मा, एडवोकेट जगदीश पनेरू, सुशील कुमार विक्की, सुशील शर्मा, दिशा गुप्ता, संजीव कुमार, कृष्ण कुमार सारस्वत सहित अनेक आन्दोलनकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!