IMG-20260615-WA0059

काशीपुर में बाल सर्वेक्षण अभियान, दुकानदारों को दी चेतावनी

बाल श्रम उन्मूलन और बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर काशीपुर क्षेत्र में विशेष बाल सर्वेक्षण एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत चाइल्ड लाइन, श्रम विभाग, सीडब्ल्यूसी (बाल कल्याण समिति) तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं की संयुक्त टीम ने रामनगर रोड स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों और दुकानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में किसी भी परिस्थिति में बाल श्रमिकों को कार्य पर न रखें। साथ ही उन्हें यह भी निर्देशित किया गया कि यदि किसी स्थान पर बाल श्रम कराया जा रहा हो तो इसकी सूचना तत्काल श्रम विभाग को दें, जिससे संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सके।
अभियान के दौरान टीम ने दुकानदारों और आम लोगों को बाल श्रम निषेध कानूनों की जानकारी देते हुए बच्चों को शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के महत्व पर भी प्रकाश डाला। अधिकारियों ने कहा कि बाल श्रम न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बच्चों के भविष्य और उनके अधिकारों का भी हनन है।
श्रम परिवर्तन अधिकारी काशीपुर बलराम सिंह ने बताया कि बाल श्रम के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी भी दुकान या प्रतिष्ठान पर बाल श्रमिक कार्य करते हुए पाए गए तो संबंधित दुकानदारों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने में सहयोग करें और कहीं भी बाल श्रमिक दिखाई देने पर इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें, ताकि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर भविष्य उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!