IMG-20260621-WA0062

काशीपुर। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को चन्द्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर में ‘‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’’ थीम के अंतर्गत ऑनलाइन योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा सभी आयु वर्ग के लोगों को योग के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में बी.एड. विभाग की सहायक प्रोफेसर डाॅ. शालिनी सिंह ने ऑनलाइन माध्यम से प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, अर्धहलासन, त्रिकोणासन, पादहस्तासन, शशकासन, शलभासन, सेतुबन्धासन, मकरासन एवं उष्ट्रासन सहित अनेक योगासनों का अभ्यास करवाया। इसके साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम तथा भ्रामरी प्राणायाम के महत्व और उनके स्वास्थ्य लाभों की भी विस्तार से जानकारी दी। डाॅ. शालिनी सिंह ने कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक एवं भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि योग व्यक्ति को तनावमुक्त जीवन जीने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा बढ़ती आयु में भी स्वस्थ और सक्रिय रहने में सहायता प्रदान करता है। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डाॅ. दीपिका आत्रेय ने सभी को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. वन्दना सिंह, डाॅ. गीता मेहरा, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, बी.एड. विभाग के शिक्षण एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाएं ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित रहे और योगाभ्यास में सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवन, सकारात्मक सोच एवं नियमित योगाभ्यास के संकल्प के साथ हुआ। प्रतिभागियों ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!