







काशीपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रामलीला ग्राउंड, काशीपुर में एसपीएनजी द्वारा आयोजित विशाल योग शिविर में प्रकाश पाइप लिमिटेड, काशीपुर (उत्तराखंड) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में कंपनी के कर्मचारियों ने योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रकाश पाइप लिमिटेड के वरिष्ठ वाइस प्रेसिडेंट के.पी. सिंह ने उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य विरासत है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की एक वैज्ञानिक एवं प्रभावी प्रक्रिया है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनाव, चिंता और विभिन्न प्रकार की जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से दूर रखता है तथा मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।
श्री सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में भागदौड़ भरी जीवनशैली के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे समय में योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है बल्कि मानसिक दृढ़ता और कार्यक्षमता में भी वृद्धि करता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ कर्मचारी ही किसी संस्थान की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं और योग के माध्यम से स्वस्थ एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से भारत की योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। आज विश्व के अनेक देशों में करोड़ों लोग योग को अपने जीवन का हिस्सा बना रहे हैं, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत का गौरवपूर्ण प्रसार है। कार्यक्रम में कंपनी के धनंजय पुरोहित, अमित कुमार, बी.पी. यादव, यू.पी. सिंह, एन.के. पांडे, एच.एन. पांडे, विपिन शर्मा, अनुज कुमार सहित बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



