
कोटाबाग। राजकीय महाविद्यालय कोटाबाग, जनपद नैनीताल के सभागार में 13 अगस्त 2026 को “अखिल भारतीय शिक्षा समागम” (ए.बी.एस.एस.)-2026 की साप्ताहिक कार्यक्रम श्रृंखला के द्वितीय दिवस “स्वरचित काव्यपाठ प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के संरक्षक एवं प्राचार्य प्रो. (डॉ.) कमरुद्दीन की अध्यक्षता एवं उद्बोधन के साथ हुआ। अपने संबोधन में प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं को अधिकाधिक संख्या में ऐसे आयोजनों में प्रतिभाग करने तथा अपनी प्रतिभा एवं कौशल को निखारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रचनात्मक एवं साहित्यिक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनकी अभिव्यक्ति क्षमता को भी सशक्त बनाती हैं। कार्यक्रम के दौरान स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपनी स्वरचित कविताओं का प्रभावशाली काव्यपाठ प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत एवं आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. प्रवेश के. त्रिपाठी ने बताया कि प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए आवश्यक एवं आधारभूत मानकों तथा अधिकतम अंकों का निर्धारण किया गया था। निर्धारित मानकों के आधार पर पारदर्शी एवं निष्पक्ष मूल्यांकन करते हुए परिणाम घोषित किए गए।
वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. आलोक पांडेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन महाविद्यालय एवं अन्य स्तरों पर निरंतर होते रहना चाहिए, ताकि भारतीय युवाओं को अपनी प्रतिभा एवं विचारों की प्रभावी और सशक्त अभिव्यक्ति का मंच मिल सके। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. संत कुमार ने बताया कि 18 अगस्त तक चलने वाली इस साप्ताहिक कार्यक्रम श्रृंखला में विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विद्यार्थी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर रहे हैं।
स्वरचित काव्यपाठ प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. आलोक पांडेय, डॉ. संत कुमार, डॉ. सुमन पांडेय एवं तनुजा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के जन सूचना अधिकारी एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. प्रवेश के. त्रिपाठी ने किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम श्रृंखला के प्रथम दिवस “संवाद प्रतियोगिता” तथा द्वितीय दिवस “स्वरचित काव्यपाठ प्रतियोगिता” का सफल आयोजन किया गया। आगामी 14 अगस्त 2026 को “कृत्रिम बुद्धिमत्ता: अभिशाप या वरदान” विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राएं 13 अगस्त को शाम 5 बजे तक इतिहास विभाग में अपना नाम एवं विषय दर्ज करा सकते हैं।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
