





काशीपुर। चंद्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के छह वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षाशास्त्र विभाग, राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर के मुख्य वक्ता डॉ. कुंवर पाल सिंह ने ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं युवा नेतृत्व’ विषय पर छात्राओं को संबोधित किया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपिका आत्रेय द्वारा मुख्य वक्ता डॉ. कुंवर पाल सिंह का बुके देकर स्वागत करने के साथ हुई। नोडल अधिकारी एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. वंदना सिंह ने मुख्य वक्ता को व्याख्यान के लिए आमंत्रित किया। अपने संबोधन में डॉ. कुंवर पाल सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय उन्हें कुशल, आत्मनिर्भर, रचनात्मक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने पर जोर देती है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति युवाओं में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और समस्याओं का समाधान खोजने के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के अवसर प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ अपने व्यक्तित्व विकास, रचनात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपिका आत्रेय ने मुख्य वक्ता डॉ. कुंवर पाल सिंह का हार्दिक आभार व्यक्त किया तथा उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रमा अरोरा, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अंजलि गोस्वामी, डॉ. गीता मेहरा, डॉ. दीपा चनियाल, डॉ. रंजना, डॉ. ज्योति गोयल, श्रीमती प्राची धौलाखण्डी, श्रीमती शीतल अरोरा, डॉ. ज्योति रावत, डॉ. पुष्पा धामा सहित बीएड विभाग के समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
