Screenshot_20231003_181429_Samsung Internet

रुद्रपुर। रक्षाबंधन पर्व को लेकर मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ ही मिलावटी और बासी मिठाइयों से लोगों की सेहत बिगड़ने का खतरा भी बढ़ गया है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए मिठाई खरीदते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। सीएमओ डॉ. एसके गोस्वामी ने बताया कि त्योहारों के दौरान अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में कुछ दुकानदार पुरानी मिठाइयों को नया रंग-रोगन कर बेच देते हैं। इसके अलावा खोवा, पनीर और दूध से बने उत्पादों में सिंथेटिक रंग, स्टार्च, पाम ऑयल और मैदा जैसी चीजों की मिलावट की आशंका रहती है।
उन्होंने बताया कि ऐसी मिलावटी या खराब मिठाइयों के सेवन से फूड पॉइजनिंग, उल्टी-दस्त और पेट दर्द जैसी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। लगातार या अधिक मात्रा में मिलावटी खाद्य पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर नुकसानदायक हो सकता है।

स्वास्थ्य विभाग की लोगों से अपील

  • अत्यधिक चमकदार और ज्यादा रंग वाली मिठाइयां खरीदने से बचें।
  • मिठाई प्रतिष्ठित दुकान से ही खरीदें और बिल अवश्य लें।
  • यदि मिठाई पर मक्खियां भिनभिना रही हों या उसमें खट्टी अथवा असामान्य गंध आ रही हो तो उसे न खरीदें।
  • खुले में रखी तथा धूल-मिट्टी के संपर्क में आई मिठाइयों से बचें।
  • मिठाई खाने के बाद घबराहट, उल्टी या दस्त जैसी समस्या होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें।

स्वास्थ्य विभाग ने त्योहार के दौरान लोगों से साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की अपील की है, ताकि रक्षाबंधन का त्योहार खुशियों के साथ मनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!