Screenshot_20231003_181429_Samsung Internet

काशीपुर। मौसम में बदलाव और उमस बढ़ने के साथ शहर में बुखार और टाइफाइड के मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है। सरकारी और निजी अस्पतालों की ओपीडी में इन दिनों बड़ी संख्या में मरीज बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, कमजोरी और पेट दर्द जैसी शिकायतें लेकर पहुंच रहे हैं। जांच के बाद कई मरीजों में टाइफाइड की पुष्टि भी हो रही है। सरकारी अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में अधिक बताई जा रही है। इनमें बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी शामिल हैं। मरीजों में तेज बुखार के साथ ठंड लगना, भूख कम लगना, उल्टी-दस्त और पेट दर्द जैसी शिकायतें भी सामने आ रही हैं। अस्पताल की फिजीशियन डॉ. कीर्ति मेहरा ने बताया कि टाइफाइड मुख्य रूप से दूषित पानी और संक्रमित खाद्य पदार्थों के सेवन से फैलता है। बारिश के मौसम में जलभराव और दूषित पानी के कारण संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। खुले में बिकने वाले कटे फल और अस्वच्छ भोजन का सेवन भी बीमारी का कारण बन सकता है। उन्होंने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि उबला या सुरक्षित पानी ही पीएं, भोजन को ढककर रखें और खुले में बिकने वाले कटे फल व अस्वच्छ खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें। लगातार बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सक से परामर्श लेकर जांच कराना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!