कोटाबाग, 29 सितंबर। राजकीय महाविद्यालय कोटाबाग, जनपद नैनीताल में छात्र संघ निर्वाचन 2026-27 की प्रक्रिया मंगलवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। निर्वाचन के बाद घोषित परिणामों में विभिन्न पदों पर निर्वाचित छात्र-छात्राओं को पद एवं कर्तव्य की शपथ दिलाई गई। चुनाव प्रक्रिया के दौरान महाविद्यालय प्रशासन, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, एलआईयू टीम, प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
घोषित चुनाव परिणाम के अनुसार अध्यक्ष पद पर लता आर्या, पिता गिरीश राम, एमए प्रथम सेमेस्टर निर्वाचित हुईं। सचिव पद पर बबीता, पिता फकीर राम, बीए प्रथम सेमेस्टर ने विजय प्राप्त की। वहीं संयुक्त सचिव पद पर भूमिका रावत, पिता निर्मल सिंह, बीएससी प्रथम सेमेस्टर निर्वाचित हुईं।
इसी क्रम में कोषाध्यक्ष पद पर कनिका त्रिपाठी, पिता मुकेश चन्द्र, बीएससी प्रथम सेमेस्टर, संकाय प्रतिनिधि पद पर मनीषा बोहरा, पिता प्रेम सिंह बोहरा, बीए तृतीय सेमेस्टर तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर अंजली बिष्ट, पिता ज्ञान प्रकाश, एमए तृतीय सेमेस्टर निर्वाचित हुईं।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाई शपथ
निर्वाचन प्रक्रिया के सफल समापन के बाद महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) कमरुद्दीन ने नवनिर्वाचित छात्र संघ पदाधिकारियों को पद एवं कर्तव्य की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र संघ महाविद्यालय के शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक वातावरण को मजबूत करने के साथ-साथ छात्रहित से जुड़े विषयों को सकारात्मक रूप से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
प्राचार्य ने निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग करने वाले प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, एलआईयू टीम, मीडिया प्रतिनिधियों, प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने की अपेक्षा जताई।
निष्पक्ष निर्वाचन के लिए सभी का जताया आभार
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. संत कुमार ने छात्र संघ निर्वाचन के सकुशल एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न होने पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और अनुशासित सहभागिता के कारण निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सकी।
उन्होंने नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों से छात्रहित एवं महाविद्यालय की गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा महाविद्यालय में सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने की अपेक्षा की।
पुलिस एवं प्रशासन का रहा सहयोग
निर्वाचन के दौरान उपजिलाधिकारी कालाढूंगी, तहसीलदार कालाढूंगी, रिपोर्टिंग पुलिस चौकी कोटाबाग के प्रभारी उपनिरीक्षक देवेंद्र राणा सहित पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों की मौजूदगी रही। कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एलआईयू टीम ने भी निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सहयोग एवं समन्वय प्रदान किया।
मीडिया एवं महाविद्यालय कर्मियों का भी जताया आभार
महाविद्यालय प्रशासन ने छात्र संघ चुनाव की प्रक्रिया को समाचार माध्यमों के जरिए विद्यार्थियों एवं आमजन तक पहुंचाने में सहयोग के लिए प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
महाविद्यालय के शिक्षक, प्राध्यापक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने भी निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि छात्र संघ निर्वाचन 2026-27 निर्धारित नियमों एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अनुरूप संपन्न कराया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव की सफलता सामूहिक सहयोग, प्रशासनिक समन्वय, अनुशासन और विद्यार्थियों की सकारात्मक सहभागिता का परिणाम है।
छात्र संघ निर्वाचन 2026-27 के शांतिपूर्ण एवं सफल समापन के साथ राजकीय महाविद्यालय कोटाबाग में छात्र प्रतिनिधित्व की नई कार्यावधि का शुभारंभ हुआ।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
