उप जिला चिकित्सालय की ओपीडी में रोजाना सेंकडो मरीज पहुंच रहे, करीब 30 प्रतिशत मरीज बुखार, खांसी-जुकाम और बदन दर्द से पीड़ित
काशीपुर। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ने लगा है। पिछले एक सप्ताह से वायरल बुखार के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। सरकारी अस्पताल से लेकर निजी क्लीनिकों तक मरीजों की भीड़ बढ़ रही है। सबसे अधिक परेशानी 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को हो रही है। उप जिला चिकित्सालय की ओपीडी में इन दिनों रोजाना सेंकडो मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें लगभग 30 प्रतिशत मरीज बुखार, खांसी-जुकाम, गले में दर्द और बदन दर्द जैसी शिकायतों के साथ चिकित्सकों के पास पहुंच रहे हैं। निजी अस्पतालों में भी वायरल संक्रमण से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ी है।फिजिशियन डॉ. कीर्ति मेहता ने बताया कि सुबह-शाम हल्की ठंड और दिन में तेज धूप व उमस के कारण मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। ऐसे वातावरण में वायरल संक्रमण सक्रिय हो जाता है। बुजुर्गों की रोग प्रतिरोधक क्षमता अपेक्षाकृत कमजोर होने के कारण वे संक्रमण की चपेट में जल्दी आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई मामलों में बुखार के साथ सांस लेने में परेशानी, सीने में जकड़न तथा निमोनिया जैसी शिकायतें भी सामने आ रही हैं। ऐसी स्थिति में विशेष रूप से बुजुर्ग मरीजों को अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता पड़ रही है।
चिकित्सकों ने सावधानी बरतने की दी सलाह
चिकित्सकों ने लोगों से बदलते मौसम में सावधानी बरतने की अपील की है। सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने, ठंडे पानी से बचने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क का प्रयोग करने तथा पर्याप्त आराम करने की सलाह दी गई है। बुखार या अन्य लक्षण होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लेने को कहा गया है।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
