October 6, 2026
Screenshot_20261006_124820_WhatsApp

काशीपुर। महापौर दीपक बाली ने कहा है कि पूर्व सैनिकों की मांग को देखते हुए काशीपुर नगर निगम सैनिक मिलन केंद्र के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराएगा।साथ ही उन्होंने प्रदेश के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी को पत्र भेजकर सैनिक मिलन केंद्र बनाए जाने हेतु 2 करोड रुपए की धनराशि उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया है।

उल्लेखनीय है कि पूर्व सैनिक एकता समिति ने बीते माह 10 सितंबर को महापौर दीपक बाली को दिए गए पत्र में मांग की है कि काशीपुर क्षेत्र उत्तराखंड का महत्वपूर्ण सैनिक बाहुल्य क्षेत्र है जिसमें करीब 6 हजार पूर्व सैनिक, सेवारत सैनिक, वीर नारियां तथा अर्धसैनिक बलों के जवान और उनके परिवार निवास करते हैं। पूर्व सैनिक देश की सेवा के साथ-साथ समाज निर्माण, युवा मार्गदर्शन, राष्ट्रीय एकता और क्षेत्र के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं लेकिन
वर्तमान में पूर्व सैनिकों के लिए ऐसा कोई समर्पित स्थान उपलब्ध नहीं है, जहां वें सामाजिक एवं राष्ट्रीय कार्यक्रमों, विभागीय बैठकों, आपसी संवाद, कल्याणकारी चर्चाओं, युवाओं के मार्गदर्शन तथा सामूहिक गतिविधियों का आयोजन कर सके। सैनिक मिलन केंद्र की स्थापना होने से, पूर्व सैनिक समुदाय को एक संगठित मंच मिल सकेगा।

पत्र में समिति ने महापौर द्वारा पूर्व सैनिकों के लिए पूर्व में किए गए सकारात्मक प्रयासों और आश्वासनों का उल्लेख करते हुए उनसे सैनिक मिलन केंद्र की स्थापना की मांग पर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। समिति ने यह भी कहा है कि इस केंद्र के निर्माण के लिए नगर निगम की ओर से भूमि उपलब्ध कराने से मांग को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

महापौर दीपक बाली ने समिति के अनुरोध को गंभीरता से लेते हुए सैनिक मिलन केंद्र की स्थापना के लिए उत्तराखंड सरकार के कृषि, कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण एवं ग्राम्य विकास विभाग के मंत्री गणेश जोशी को पत्र भेजा है। पत्र में महापौर ने पूर्व सैनिकों की वर्षों पुरानी मांग को दृष्टिगत रखते हुए काशीपुर क्षेत्र में सैनिक मिलन केंद्र की स्थापना के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है और कहां है कि इस केंद्र की स्थापना हेतु काशीपुर नगर निगम जमीन उपलब्ध कराएगा अत : इसके निर्माण पर होने वाले खर्च के लिए लगभग दो करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने का कष्ट करें। पत्र में महापौर दीपक बाली ने कहा है कि
सैनिक मिलन केंद्र की स्थापना होने पर पूर्व सैनिकों को बैठकों, सामाजिक कार्यक्रमों, कल्याणकारी गतिविधियों और युवाओं के मार्गदर्शन के लिए एक स्थायी स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!