





काशीपुर। चन्द्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से नौवें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत एक व्याख्यान का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं को आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन के महत्व की जानकारी देते हुए संतुलित और पौष्टिक भोजन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता गृह विज्ञान विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अंजलि गोस्वामी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए भोजन में विविधता और सभी आवश्यक पोषक तत्वों का उचित समावेश जरूरी है। उन्होंने विटामिन, मिनरल्स, कार्बोहाइड्रेट, वसा और प्रोटीन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. अंजलि गोस्वामी ने बताया कि शरीर को स्वस्थ रखने और उसकी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रतिदिन के आहार में विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को बाजरा, रागी, दालें, हरी पत्तेदार सब्जियां और मौसमी फलों को भोजन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पर्याप्त प्रोटीन के सेवन और संतुलित आहार की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पोषण के प्रति जागरूकता स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। छात्राओं को अपने खानपान में पौष्टिक खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता देने और संतुलित आहार की आदत विकसित करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वंदना सिंह, डॉ. गीता मेहरा, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रंजना, डॉ. ज्योति रावत, डॉ. पुष्पा धामा, डॉ. दीपा चनियाल और कु. सृष्टि सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
