October 25, 2026
Screenshot_20261025_080050_Gallery

काशीपुर। उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के नेतृत्व में ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ के काशीपुर पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता संदीप सहगल ने मुरादाबाद रोड स्थित केपीसी स्कूल के सामने महेशपुरा पुलिया पर अपने समर्थकों के साथ भाजपा सरकार के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने भाजपा सरकार को रावण का प्रतीक बताते हुए पुतले पर तीर-कमान से निशाना साधा और बाद में कार्यकर्ताओं के साथ पुतले का दहन किया। प्रदर्शन के दौरान संदीप सहगल हाथ में धनुष-बाण लेकर पहुंचे। उन्होंने कहा कि धनुष-बाण भगवान श्रीराम के उस प्रतीक का प्रतिनिधित्व करता है, जो बुराई, अंधकार, असत्य और अहंकार के अंत का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि रावण भी अहंकार और बुराई का प्रतीक था। इसी प्रतीकात्मक संदेश के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। मीडिया से बातचीत में संदीप सहगल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड न्याय यात्रा का उद्देश्य जनता के सामने अन्याय और जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दों को उठाना है। उन्होंने कहा कि यात्रा में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, नेता प्रतिपक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी शामिल हैं। कांग्रेस का लक्ष्य वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में जीत हासिल करने के साथ काशीपुर विधानसभा सीट पर भी विजय प्राप्त करना है। संदीप सहगल ने काशीपुर के स्थानीय विकास को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने पिछले 25 वर्षों से एक ही व्यक्ति को विधायक के रूप में अवसर दिया है, लेकिन उनके अनुसार इतने लंबे कार्यकाल में जनता के सामने गिनाने योग्य उपलब्धियां नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अब जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस इसी उद्देश्य से लोगों के बीच जा रही है। अंकिता भंडारी प्रकरण का जिक्र करते हुए सहगल ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण ने प्रदेश की जनता को झकझोर दिया है और मामले में न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों को संरक्षण देने के प्रयास हुए। सहगल ने कहा कि कांग्रेस न्याय और जवाबदेही के मुद्दे को जनता के बीच उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता को अब अपने भविष्य और प्रदेश के विकास को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेना होगा। कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करेंगे और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में परिवर्तन के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ेंगे। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रवि ढींगरा, राजू छीना, महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष पूजा सिंह, गौरव अरोरा, राशिद फारूकी, उमा वात्सल्य, दीपिका गुड़िया आत्रेय, विकल्प गुड़िया सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!