
सचल लैब से 80 खाद्य पदार्थों की जांच में 15 नमूने मिले अमानक
काशीपुर में मिठाई की दुकानों, ढाबों, किराना प्रतिष्ठानों और डेयरियों पर चला विशेष अभियान; मसालों एवं अन्य खाद्य सामग्री में सबसे अधिक मिली गड़बड़ी, डेयरी उत्पादों की शुद्धता पर भी विभाग की पैनी नजर
काशीपुर (ऊधम सिंह नगर)। दीपावली के त्योहार को देखते हुए बाजारों में खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच आमजन को शुद्ध, गुणवत्तायुक्त और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उद्यम सिंह नगर ने काशीपुर में व्यापक जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभागीय टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई की दुकानों, ढाबों, किराना दुकानों और डेयरियों का औचक निरीक्षण करते हुए सचल खाद्य विश्लेषणशाला ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ के माध्यम से खाद्य पदार्थों की मौके पर ही जांच की। इस दौरान कुल 80 खाद्य पदार्थों के नमूनों का प्राथमिक परीक्षण किया गया, जिनमें से 15 नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जबकि 65 नमूने सही मिले। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडे के निर्देशों के अनुपालन में चलाए गए इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजार में बिकने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर नजर रखना और मिलावट की आशंका को समय रहते पकड़ना रहा। विभाग की सचल लैब के माध्यम से अलग-अलग श्रेणियों के खाद्य पदार्थों की जांच की गई, जिससे कारोबारियों को मौके पर ही गुणवत्ता संबंधी स्थिति की जानकारी मिल सकी। 30 अक्टूबर को किए गए निरीक्षण एवं परीक्षण के आंकड़ों के अनुसार मसालों और अन्य खाद्य सामग्री की श्रेणी में सबसे अधिक अनियमितताएं सामने आईं। इस श्रेणी में कुल 26 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 9 नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इसके अलावा अनाज एवं अनाज से बने उत्पादों के 12 नमूनों में से 2, मिठाइयों के 13 नमूनों में से 2 तथा अन्य खाद्य पदार्थों के 11 नमूनों में से 2 नमूने अमानक पाए गए। वहीं दूध एवं दुग्ध उत्पादों के 12 नमूनों और वसा एवं तेल श्रेणी के 6 नमूनों की जांच में कोई भी नमूना प्राथमिक परीक्षण के दौरान अमानक नहीं मिला। इस प्रकार कुल 80 नमूनों में से 15 में गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी सामने आई, जबकि 65 नमूने जांच में सही पाए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की जांच आगे भी जारी रहेगी एफएसडब्ल्यू के नोडल अधिकारी एवं उपायुक्त वीरेंद्र सिंह बिष्ट ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि दीपावली के त्योहार पर दूध, पनीर, घी, मक्खन और अन्य दुग्ध उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में इन उत्पादों की शुद्धता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र की प्रमुख डेयरियों और दुग्ध उत्पादों से जुड़े प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच अभियान के अंतर्गत उत्तरांचल डेयरी के उत्पादों का भी परीक्षण किया गया, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप सही पाए गए। उन्होंने कहा कि विभाग की टीम क्षेत्र की अन्य प्रमुख डेयरियों में भी लगातार निरीक्षण कर रही है। सचल खाद्य विश्लेषणशाला के माध्यम से दूध और उससे तैयार होने वाले विभिन्न उत्पादों के नमूने लेकर मौके पर ही प्राथमिक जांच की जा रही है। इससे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की तत्काल जानकारी मिल रही है और संदिग्ध उत्पादों की पहचान करने में भी सहायता मिल रही है।
उपायुक्त वीरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ खाद्य सुरक्षा विभाग की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से खाद्य पदार्थों की प्राथमिक जांच के लिए नमूनों को प्रयोगशाला भेजने की प्रतीक्षा किए बिना मौके पर ही परीक्षण किया जा सकता है। इससे खाद्य कारोबारियों को भी अपने उत्पादों की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी मिलती है और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों के पालन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। विशेष रूप से मिठाई, मसाले, दूध और अन्य दैनिक उपयोग की खाद्य सामग्री तैयार करने एवं बेचने वाले कारोबारियों को साफ-सफाई और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। इस विशेष जांच अभियान में एफएसडब्ल्यू नोडल अधिकारी एवं उपायुक्त वीरेंद्र सिंह बिष्ट, सहायक आयुक्त ललित मोहन पांडे तथा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी (काशीपुर) अपर्णा शाह मुख्य रूप से शामिल रहे। टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के साथ ही कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से भी अपील की कि त्योहार के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय विशेष सावधानी बरतें। खुले में रखी मिठाइयों, बिना लेबल वाले खाद्य उत्पादों तथा संदिग्ध गुणवत्ता वाली सामग्री की खरीद से बचें। पैक्ड खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी पैकिंग, निर्माण एवं समाप्ति तिथि और अन्य आवश्यक जानकारियों की जांच अवश्य करें। खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि दीपावली तक बाजारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी जारी रहेगी। त्योहार की खुशियों के बीच लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो, इसके लिए विभागीय टीमें लगातार सक्रिय रहेंगी।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800

