





पॉक्सो अधिनियम के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक
काशीपुर, 30 अक्टूबर 2026।
द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, काशीपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर के तत्वावधान में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा एवं बाल संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराना था।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सुश्री आयशा फरहीन, सिविल जज, काशीपुर उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act – Protection of Children from Sexual Offences Act) के विभिन्न प्रावधानों, उद्देश्यों एवं महत्त्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

उन्होंने बाल अधिकारों, बच्चों की सुरक्षा, अच्छे एवं बुरे स्पर्श की पहचान, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा किसी भी अनुचित परिस्थिति में बिना भय के अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को सूचित करने के महत्त्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति सजग, जागरूक एवं सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत बच्चों को कानूनी संरक्षण प्रदान करने वाले प्रावधानों की जानकारी भी साझा की।
यह जागरूकता शिविर विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी सिद्ध हुआ। इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में कानूनी समझ विकसित करने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सुरक्षित एवं संवेदनशील वातावरण के निर्माण में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, काशीपुर विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके सामाजिक, नैतिक एवं कानूनी जागरूकता के विकास के लिए भी निरंतर प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. नीरज कपूर, निदेशिका डॉ. वसुधा कपूर, संयुक्त प्रबंध निदेशिका सुश्री कामाक्षी कपूर, प्रधानाचार्या श्रीमती मीनल बधवार, उप-प्रधानाचार्या श्रीमती शुभांगी शर्मा और गतिविधि समन्वयिका श्रीमती रिशु गुसाईं सहित शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800

