November 3, 2026
IMG-20261103-WA0052

किसानों के लिए गन्ने का समर्थन मूल्य 700 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग, ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने का मुद्दा भी उठाया

काशीपुर। उत्तराखंड कांग्रेस किसान मोर्चा की प्रदेश प्रभारी शीतल मान के काशीपुर आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष परमजीत सिद्धू के प्रतिष्ठान पर उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस और किसान कांग्रेस के तमाम पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष परमजीत सिद्धू ने कहा कि प्रदेश प्रभारी शीतल मान के आगमन और उनके विचारों से पार्टी कार्यकर्ताओं, विशेषकर युवाओं में नया उत्साह देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग तेजी से कांग्रेस से जुड़ रहा है और पार्टी के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्साहित है। परमजीत सिद्धू ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास हमेशा किसानों और आम जनता के हितों की रक्षा करने का रहा है। किसानों के कर्ज माफ करने और बिजली बिलों में राहत देने जैसे जनहितैषी फैसले कांग्रेस शासनकाल में लिए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों से किसान और आम जनता परेशान हैं। किच्छा नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस की जीत को उन्होंने जनता के बदलते रुझान का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि हाल ही में क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। इसके बाद किसान कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने तत्काल एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की थी। इसके अलावा गन्ने का समर्थन मूल्य 700 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने सहित किसानों की अन्य समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया है। परमजीत सिद्धू ने कहा कि किसान कांग्रेस किसानों के अधिकारों और उनकी समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी। आने वाले समय में संगठन को और मजबूत करते हुए किसानों एवं आम जनता की आवाज को प्रशासन और सरकार तक पहुंचाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!