
काशीपुर। किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष परम सिद्धू के प्रतिष्ठान पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड कांग्रेस किसान मोर्चा की प्रदेश प्रभारी शीतल मान की मौजूदगी में वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री इंदु मान ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने किसानों की बदहाली, बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार और सरकार की नीतियों को लेकर गंभीर सवाल उठाए। इंदु मान ने कहा कि प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार होने के बावजूद विकास और जनहित के कार्यों की स्थिति संतोषजनक नहीं है। सरकार के लगभग 10 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन किसानों के हित में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन आज हालात ऐसे हैं कि किसानों की आय दोगुनी होना तो दूर, उनकी आमदनी आधी भी नहीं बची है। उन्होंने कहा कि किसान आज भी खाद की उपलब्धता और अपनी फसल की समय पर तौल जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं। तराई क्षेत्र को उत्तराखंड का अन्न का कटोरा बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां के किसान प्राकृतिक आपदाओं और ओलावृष्टि के कारण लगातार फसल नुकसान झेल रहे हैं। इसके बावजूद किसानों को प्रति हेक्टेयर महज 8 हजार रुपये मुआवजा दिया जाता है। यह राशि इतनी कम है कि खराब फसल को खेत से हटाने में ट्रैक्टर का खर्च ही इससे अधिक हो जाता है। वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री ने कहा कि सरकार को किसानों की वास्तविक समस्याओं को समझते हुए मुआवजे की राशि बढ़ाने और खाद, फसल खरीद तथा समय पर तौल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरूरत है। उन्होंने प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार और महंगाई पर भी चिंता व्यक्त की। इंदु मान ने कहा कि कांग्रेस किसान मोर्चा किसानों की समस्याओं और उनकी मांगों को मजबूती से उठाएगा। किसानों के हितों को पार्टी के घोषणा पत्र में शामिल कराने के साथ ही उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखा जाएगा।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800

