
काशीपुर में 25 साल बाद कांग्रेस का विधायक बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होने का आह्वान
काशीपुर। गुलड़िया रोड स्थित ग्राम रायपुर में आयोजित जन चौपाल में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं प्रदेश सचिव संदीप सहगल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में किसान, युवा, महिलाएं और व्यापारी विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और आगामी विधानसभा चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा। संदीप सहगल ने बताया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर पिछले दो-तीन महीनों से गांव-गांव जन चौपाल आयोजित कर लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं। इसका उद्देश्य जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को पार्टी के सामने रखना है।
उन्होंने कहा कि किसान आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं, युवाओं को रोजगार की तलाश है और महिलाएं सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। व्यापारी वर्ग भी कई समस्याओं का सामना कर रहा है। उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण का जिक्र करते हुए पीड़ित परिवार की न्याय की मांग को संवेदनशीलता से सुने जाने की बात कही। सहगल ने काशीपुर विधानसभा क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 25 वर्षों से यहां कांग्रेस का विधायक नहीं बन पाया है, लेकिन इस बार पार्टी कार्यकर्ता पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव की तैयारी करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस काशीपुर सहित पूरे प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन करेगी।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800


