November 20, 2026
IMG-20261119-WA0047

काशीपुर। कुंडेश्वरी रोड स्थित साईं मंदिर से चांदी की मूर्तियां चोरी करने के मामले में काशीपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई चांदी की मूर्तियों के टूटे हुए टुकड़े, जिनकी कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई है, तथा 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, इस चोरी की वारदात में अन्य लोग भी शामिल थे, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, साईं पब्लिक स्कूल कुंडेश्वरी रोड काशीपुर के एडमिन मनोज ऐरी पुत्र स्वर्गीय महिपाल सिंह ऐरी ने 16 सितंबर 2026 को कोतवाली काशीपुर में तहरीर देकर बताया था कि 12 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने कुंडेश्वरी रोड स्थित साईं मंदिर से चांदी की मूर्तियां चोरी कर ली हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 415/2026 धारा 305(डी)/331 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मामले के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी काशीपुर के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इस दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति कैमरों में दिखाई दिए। पुलिस ने संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए मुरादाबाद, हापुड़ और दिल्ली सहित विभिन्न मार्गों पर लगे करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन किया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि संदिग्धों में से एक व्यक्ति केटीएम ड्यूक बाइक से घटनास्थल के आसपास आता-जाता रहा था। हापुड़ और दिल्ली के आसपास बाइक के नंबर की ट्रेसिंग कर पुलिस ने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 18 नवंबर 2026 को आरोपी त्रिलोक सिंह उर्फ शोले पुत्र तीरथ सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से ग्राम लतीफपुर, थाना हस्तिनापुर, जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में शिव विहार गली नंबर 14, मकान नंबर 63, चंद्र विहार, थाना निहाल विहार, दिल्ली में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को दिल्ली के दि किमाया रिसोर्ट के पास हाईवे को जोड़ने वाली सर्विस रोड के किनारे थाना कुंडा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से मुकदमे से संबंधित चांदी की मूर्तियों के टूटे हुए टुकड़े, जिनकी अनुमानित कीमत 65 हजार रुपये है, और 20 हजार रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी त्रिलोक सिंह उर्फ शोले ने पूछताछ में बताया कि उसने एक अन्य आरोपी के साथ मिलकर 12 सितंबर की रात साईं मंदिर में चोरी की थी। चोरी की गई संपत्ति को आपस में बांट लिया गया था। वहीं, चोरी का तीसरा हिस्सा साईं मंदिर की रेकी करवाने वाले व्यक्ति को देने के लिए उसे काशीपुर आना था। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में दो अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में उसके अन्य आपराधिक मामलों की जानकारी भी सामने आई है। उसके खिलाफ उत्तराखंड और दिल्ली में चोरी एवं अन्य धाराओं में पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। इनमें कोतवाली गदरपुर में वर्ष 2025 का मामला तथा दिल्ली के थाना सराय रोहिल्ला और प्रीत विहार में दर्ज मुकदमे शामिल हैं। इसके अतिरिक्त दिल्ली के थाना खेड़ा और हरियाणा के फरीदाबाद में भी उसके खिलाफ मुकदमे होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई में चौकी कुंडेश्वरी के विवेचक उपनिरीक्षक कंचन कुमार पडालिया, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज सिंह धामी, कोतवाली काशीपुर के कांस्टेबल विरेंद्र सिंह बिष्ट, नवीन खोलिया और लक्ष्मण चंद तथा एसओजी काशीपुर के हेड कांस्टेबल दीपक कुमार, इमरान और कांस्टेबल गिरीश काण्डपाल शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मामले में शेष बरामदगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!