काशीपुर। त्योहारी सीजन के बाद भी खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में आज बृहस्पतिवार 19 नवंबर को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह के नेतृत्व में काशीपुर के मुख्य बाजार और सब्जी मंडी क्षेत्र में स्थित विभिन्न दुकानों एवं डेयरियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से पनीर और मावे के कुल पांच नमूने एकत्रित किए। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वाले दुकानदारों और डेयरी संचालकों में हलचल देखने को मिली। निरीक्षण के दौरान टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर जांच-पड़ताल की। संदेह के आधार पर पांच प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें नियमानुसार सील किया गया।
कार्रवाई के दौरान मेसर्स रामरूप दिनेश चंद्र, जिसके संचालक दिनेश चंद्र पुत्र रामरूप हैं, के प्रतिष्ठान से मावे (खोया) का एक नमूना लिया गया। इसके अलावा संजीव डेरी, काशीपुर डेरी, लक्ष्मी डेरी और श्री आनंदपुर डेरी से पनीर के एक-एक नमूने एकत्रित किए गए। इस प्रकार विभागीय टीम ने कुल पांच नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और आमजन को मिलावट रहित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर बाजारों, दुकानों और डेयरियों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सभी पांच नमूनों को विधिवत सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसकी समीक्षा की जाएगी। यदि किसी भी नमूने में मिलावट, गुणवत्ता में कमी अथवा निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई को बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800


