
पिछले विधानसभा चुनाव में अंतिम समय पर कांग्रेस ने नरेंद्र सिंह को बनाया था प्रत्याशी, टिकट की दौड़ में शामिल कई दावेदार देखते रह गए थे राह
काशीपुर। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनाव में अभी समय जरूर है, लेकिन राजनीतिक दलों के भीतर टिकट को लेकर अभी से जोड़-तोड़ और अपनी दावेदारी मजबूत करने का सिलसिला शुरू हो गया है। खासकर काशीपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस के टिकट के दावेदारों की फेहरिस्त लगातार लंबी होती जा रही है। पार्टी से जुड़े कई नेता अपनी-अपनी राजनीतिक सक्रियता के माध्यम से टिकट की दावेदारी पेश कर रहे हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या कांग्रेस हाईकमान इस बार किसी पुराने चेहरे पर भरोसा जताएगा या फिर एक बार फिर किसी नए चेहरे को मैदान में उतारकर सभी को चौंका देगा? काशीपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस के टिकट को लेकर पहले भी काफी राजनीतिक हलचल देखने को मिल चुकी है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस के टिकट के लिए कई नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश की थी। उस समय पार्टी के भीतर टिकट को लेकर काफी खींचतान रही थी। दावेदारों की सक्रियता को देखते हुए कांग्रेस हाईकमान ने जमीनी स्तर पर सर्वे भी कराया था। माना जा रहा था कि पार्टी सर्वे और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के आधार पर किसी मजबूत दावेदार को अपना प्रत्याशी घोषित करेगी, लेकिन टिकट वितरण के अंतिम दौर में जो निर्णय सामने आया, उसने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को तेज कर दिया था। दरअसल, पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने काशीपुर सीट पर प्रत्याशी की घोषणा काफी देर से की थी। पार्टी के कई दावेदार लंबे समय तक टिकट की घोषणा का इंतजार करते रहे। वहीं, अंतिम समय में कांग्रेस हाईकमान ने पूर्व सांसद कुंवर चंद बाबा के पुत्र नरेंद्र चंद सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। खास बात यह रही कि नरेंद्र चंद सिंह का नाम टिकट के प्रमुख दावेदारों के बीच पहले उतनी चर्चा में नहीं था और उन्होंने भी पहले से टिकट की दौड़ में अपनी दावेदारी प्रमुखता से पेश नहीं की थी। ऐसे में पार्टी के इस फैसले ने न केवल टिकट के अन्य दावेदारों को हैरान किया, बल्कि स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी नई चर्चाओं को जन्म दे दिया था। अब एक बार फिर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में टिकट की दावेदारी का दौर शुरू हो चुका है। काशीपुर सीट पर पार्टी के कई नेता अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा रहे हैं। कोई जनसंपर्क के माध्यम से अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटा है तो कोई संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्रीय मुद्दों को उठाकर पार्टी नेतृत्व का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश कर रहा है। कांग्रेस के भीतर टिकट के संभावित दावेदारों की संख्या बढ़ने के साथ ही यह भी देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी किस आधार पर प्रत्याशी का चयन करती है। राजनीतिक जानकारों की नजर में काशीपुर सीट पर कांग्रेस के सामने प्रत्याशी चयन की चुनौती आसान नहीं होगी। पार्टी को जहां स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेताओं की दावेदारी पर विचार करना होगा, वहीं जातीय और सामाजिक समीकरणों, संगठन में पकड़, चुनावी अनुभव, जनाधार तथा जीतने की संभावनाओं को भी ध्यान में रखना पड़ेगा। इसके अलावा पिछले चुनावों के अनुभव को देखते हुए यह भी संभव है कि कांग्रेस हाईकमान टिकट वितरण के मामले में अंतिम समय तक अपने पत्ते न खोले। ऐसे में अब काशीपुर की सियासत में सबसे बड़ा सवाल यही है कि कांग्रेस हाईकमान वर्ष 2022 की तरह इस बार भी अंतिम समय में किसी नए चेहरे को मैदान में उतारकर सभी को चौंकाएगा या फिर मौजूदा दावेदारों में से ही किसी एक पर भरोसा जताएगा? क्या पार्टी पहले से टिकट की दौड़ में जुटे नेताओं में से किसी को मौका देगी या फिर कोई ऐसा नाम सामने आएगा जिसकी फिलहाल राजनीतिक गलियारों में ज्यादा चर्चा नहीं है? फिलहाल कांग्रेस के टिकट को लेकर दावेदारों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है और सभी अपनी-अपनी संभावनाओं को मजबूत करने में जुटे हैं। लेकिन अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान को ही करना है। अब देखना होगा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में काशीपुर सीट पर कांग्रेस किस चेहरे को अपना प्रत्याशी बनाती है और क्या एक बार फिर पार्टी का फैसला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनता है।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800


