
काशीपुर। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से काशीपुर-बाजपुर रोड पर परिवहन विभाग द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान एआरटीओ संदीप वर्मा के नेतृत्व में संचालित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में वाहनों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एआरटीओ संदीप वर्मा ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि अभियान के तहत लगभग 60 से 70 वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 20 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 5 वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग सड़क सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है। विभाग का मुख्य उद्देश्य दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना तथा लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि काशीपुर क्षेत्र में परिवहन विभाग के पांच प्रवर्तन दल सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त दो मोटरसाइकिल बाइक स्क्वाड भी काशीपुर, जसपुर और बाजपुर क्षेत्र में लगातार निगरानी एवं चेकिंग अभियान चला रहे हैं। एआरटीओ संदीप वर्मा ने कहा कि विभाग का निरंतर प्रयास है कि सड़क पर चलने वाले सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें। जो लोग नियमों की अनदेखी करते हैं या वाहन संचालन में लापरवाही बरतते हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाती है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल दिन के समय तक सीमित नहीं है, बल्कि रात्रि के दौरान भी विशेष चेकिंग अभियान जारी रहेगा। रात में भी परिवहन विभाग की टीमें विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच करेंगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। परिवहन विभाग के इस अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा और दुर्घटना नियंत्रण के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



