





काशीपुर। रोटरी क्लब ऑफ काशीपुर तथा महिला पतंजलि योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित आठ दिवसीय योग एवं मेडिटेशन कैंप का रविवार को भव्य समापन हुआ। यह शिविर 6 सितंबर से 13 सितंबर 2026 तक रामनगर रोड स्थित रोटरी भवन में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।इस अवसर पर रोटरी क्लब के पीडीजी देवेंद्र अग्रवाल ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति की ऐसी अमूल्य धरोहर है, जो तन, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का कार्य करती है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, चिंता और अनेक प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे समय में नियमित योग और प्राणायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करना बेहद लाभकारी है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास को भी बढ़ाता है।
उन्होंने कहा कि योग किसी एक वर्ग या आयु के व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चे, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और हर व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार योग को जीवन का हिस्सा बना सकता है। यदि हम प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालें तो अनेक बीमारियों से बचाव के साथ-साथ हमारा जीवन अधिक अनुशासित और संतुलित बन सकता है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि “योग को केवल एक दिन के आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। स्वयं स्वस्थ रहें और दूसरों को भी स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करें।”
इस आठ दिवसीय शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को योग और ध्यान के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। शिविर के दौरान राज्यकारिणी समिति सदस्य श्रीमती कमला रिखाड़ी एवं अन्य प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न योगासन, प्राणायाम, त्राटक, माइंड रिलैक्सेशन थेरेपी, शोल्डर थेरेपी, सर्वाइकल निवारण तथा ध्यान की विभिन्न विधियों का गहन अभ्यास कराया गया और नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों से अवगत कराया गया। समापन समारोह में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के लिए श्रीमती कमला रिखाड़ी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही समस्त योग प्रशिक्षकों तथा 6 सितंबर को शिक्षक दिवस समारोह में अनुपस्थित रहीं शिक्षिकाओं—श्रीमती मीनल बधवार, श्रीमती रेखा सिंह और श्रीमती पुष्पा रौतेला को भी सम्मानित किया गया कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी क्लब अध्यक्ष रो. संजय गोयल और इनरव्हील क्लब अध्यक्षा श्रीमती रूपाली अग्रवाल द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। मंच का कुशल संचालन रो. राजीव खरबन्दा ने किया। समारोह के समापन पर रोटरी क्लब सचिव रो. रेखा जिन्दल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। वर्तमान की व्यस्त जीवनशैली में शारीरिक व मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए नियमित योगाभ्यास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आगे भी ऐसे स्वास्थ्यवर्धक व समाजोपयोगी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर मुख्य रूप से पीडीजी देवेन्द्र कुमार अग्रवाल, पीडीजी पवन अग्रवाल, रो. बी.पी. गोयल, रो. अर्पण जिन्दल, रो. मनोज चौधरी, रो. डा. बी.एम. गोयल, रो. कुलभूषण गर्ग, रो. विजय जिन्दल, रो. पुनीत अग्रवाल, रो. तनुज अग्रवाल सहित इनरव्हील क्लब से श्रीमती सारिका अग्रवाल, सुरुचि सक्सेना, आभा गोयल, प्रीति अग्रवाल, मोनिका अग्रवाल, सुमन जिन्दल, बबीता गोयल, स्वाति अग्रवाल, स्मृति अग्रवाल,रो.अतुल असावा,रो.मुकेश रावल,रो.अमित शंकर अग्रवाल,रो.हरिओम अग्रवाल एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। रोटरी क्लब द्वारा शिविर को सफल बनाने के लिए महिला पतंजलि योग समिति और सभी प्रतिभागियों का विशेष आभार व्यक्त किया गया।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
