
बाजपुर और केलाखेड़ा में धान की फसल को नुकसान का मामला, प्रभावित किसानों को तत्काल राहत देने की उठाई मांग
जसपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से धान की फसल को हुए नुकसान को लेकर आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के वरिष्ठ नेता नईम प्रधान ने चिंता जताई है। उन्होंने राज्य सरकार से प्रभावित क्षेत्रों में फसलों के नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। नईम प्रधान ने कहा कि बाजपुर और केलाखेड़ा समेत जिले के प्रभावित क्षेत्रों में बारिश, तेज अंधड़ और ओलावृष्टि से किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है। धान की फसल तैयार होने के समय मौसम की मार पड़ने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। खेती में खाद, बीज, सिंचाई और मजदूरी पर पहले ही काफी खर्च हो चुका है। ऐसे में फसल खराब होने से किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि किसान पूरे सीजन फसल की देखभाल कर अच्छी पैदावार की उम्मीद करते हैं, लेकिन प्राकृतिक आपदा उनकी मेहनत और उम्मीदों को नुकसान पहुंचा देती है। खेतों में खड़ी फसल गिरने और कटी हुई फसल के बारिश में भीगने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। नईम प्रधान ने सरकार से मांग की कि राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीमें प्रभावित गांवों में भेजकर नुकसान का निष्पक्ष आकलन करें। ताकि कोई भी पात्र किसान सहायता से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि नुकसान के अनुरूप किसानों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए, जिससे वे आर्थिक संकट से उबर सकें और आगामी फसल की तैयारी कर सकें। उन्होंने कहा कि किसानों की आजीविका खेती पर निर्भर है। फसल खराब होने का असर केवल उनकी आमदनी पर ही नहीं, बल्कि परिवार की जरूरतों और भविष्य की कृषि योजनाओं पर भी पड़ता है। ऐसे समय में सरकार को किसानों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए राहत पहुंचाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। नईम प्रधान ने विशेष रूप से बाजपुर और केलाखेड़ा क्षेत्र के प्रभावित किसानों को प्राथमिकता के आधार पर सहायता देने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को आश्वासन देने के बजाय समय पर आर्थिक मदद उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई में उन्हें कुछ राहत मिल सके।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
