

बाजपुर और केलाखेड़ा में किसानों को भारी नुकसान, सरकार से तत्काल सर्वे कराकर राहत देने की अपील
जसपुर।आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सरदार सूबा सिंह ने ऊधम सिंह नगर जिले में बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की धान की फसल को हुए नुकसान पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने राज्य सरकार से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। सरदार सूबा सिंह ने कहा कि बेमौसम बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि ने किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खासकर बाजपुर और केलाखेड़ा क्षेत्र में धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। किसान पहले ही खाद, बीज, सिंचाई और मजदूरी की बढ़ती लागत से परेशान हैं। ऐसे में फसल पकने के समय प्राकृतिक आपदा की मार पड़ने से उनकी आर्थिक मुश्किलें और बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि किसानों ने दिन-रात मेहनत कर धान की फसल तैयार की थी। उन्हें उम्मीद थी कि फसल बेचकर वे अपनी लागत निकालने के साथ परिवार की जरूरतें पूरी कर सकेंगे, लेकिन मौसम की मार ने उनकी उम्मीदों को झटका दिया है। खेतों में खड़ी फसल जमीन पर बिछ गई, जबकि कई स्थानों पर काटकर रखी गई फसल बारिश के पानी में भीग गई। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। सरदार सूबा सिंह ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था और खाद्य व्यवस्था की मजबूत नींव हैं। किसानों की फसल बर्बाद होने से उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो जाता है। ऐसे समय में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि प्रभावित गांवों में राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीमों को भेजकर फसलों के नुकसान का निष्पक्ष आकलन कराया जाए। सर्वेक्षण में किसी भी पात्र किसान का नाम छूटना नहीं चाहिए और नुकसान के अनुरूप किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराया जाना चाहिए। आप नेता ने कहा कि सरकार को किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए बिना देरी किए राहत देने की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से बाजपुर और केलाखेड़ा सहित प्रभावित क्षेत्रों के किसानों को प्राथमिकता के आधार पर सहायता देने की मांग की।ताकि वे इस संकट से उबरकर आगामी कृषि कार्यों की तैयारी कर सकें। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार किसानों के हित में शीघ्र निर्णय लेकर उन्हें राहत प्रदान करेगी।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
