
मेयर श्री दीपक बाली के विजन को आगे बढ़ाते हुए KDF ने प्रथम पर्यटन सूचना बोर्ड का डिजाइन एवं स्थापना हेतु अनुमति का ज्ञापन सौंपा।
काशीपुर, दिनांक 5 नवम्बर 2026।
काशीपुर के ऐतिहासिक, पौराणिक एवं आध्यात्मिक महत्व को व्यापक पहचान दिलाने तथा नगर को पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में काशीपुर डेवलपमेंट फोरम (KDF) ने एक महत्वपूर्ण पहल की है।
हाल ही में KDF प्रतिनिधिमंडल की नगर निगम कार्यालय में मेयर श्री दीपक बाली जी के साथ हुई बैठक में काशीपुर के समग्र आर्थिक विकास एवं पर्यटन की संभावनाओं पर सार्थक चर्चा हुई थी। बैठक में मेयर श्री दीपक बाली जी ने द्रोणासागर एवं गिरिताल के सौन्दर्यीकरण के लिए शासन स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की।
मेयर जी ने कहा कि काशीपुर के आर्थिक विकास के लिए उद्योग, पर्यटन एवं व्यापार का समन्वित विकास आवश्यक है। काशीपुर औद्योगिक दृष्टि से प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है तथा भौगोलिक स्थिति के कारण कुमाऊँ क्षेत्र की यात्रा करने वाले पर्यटकों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रवेश मार्ग है। यदि इन पर्यटकों को काशीपुर के समृद्ध ऐतिहासिक, पौराणिक एवं आध्यात्मिक स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, तो काशीपुर को उनकी यात्रा सूची (Travel Itinerary) में शामिल किया जा सकता है। इससे नगर में पर्यटन गतिविधियों के साथ स्थानीय व्यापार, होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य व्यवसायों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
मेयर श्री दीपक बाली जी ने KDF से अपेक्षा की थी कि फोरम अपनी सदस्य इकाइयों एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से काशीपुर के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार की पहल करे तथा प्रमुख मार्गों पर आकर्षक एवं जानकारीपूर्ण पर्यटन सूचना बोर्ड स्थापित करवाने में सहयोग दे।
इसी क्रम में आज KDF अध्यक्ष श्री राजीव घई ने मेयर श्री दीपक बाली जी को KDF द्वारा तैयार किए गए प्रथम पर्यटन सूचना बोर्ड का डिजाइन प्रस्तुत किया तथा उसके उपयुक्त स्थान पर स्थापना के लिए नगर निगम से अनुमति प्रदान करने हेतु ज्ञापन सौंपा।
KDF अध्यक्ष श्री राजीव घई ने कहा कि फोरम मेयर जी के इस दूरदर्शी सुझाव को एक अभियान के रूप में आगे बढ़ाएगा। KDF की सदस्य इकाइयों एवं सहयोगी संस्थाओं के माध्यम से काशीपुर के प्रमुख ऐतिहासिक, धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों की जानकारी पर्यटकों तक पहुंचाने के लिए चरणबद्ध प्रयास किए जाएंगे। हमारा उद्देश्य है कि काशीपुर से होकर गुजरने वाला पर्यटक केवल यहां से गुजरे ही नहीं, बल्कि यहां के गौरवशाली इतिहास और आध्यात्मिक विरासत से परिचित होने के लिए कुछ समय नगर में भी व्यतीत करे।
उन्होंने कहा कि मेयर श्री दीपक बाली जी के नेतृत्व में द्रोणासागर एवं गिरिताल जैसे ऐतिहासिक जलाशयों के सौन्दर्यीकरण के प्रयास तथा KDF की पर्यटन जागरूकता संबंधी पहल मिलकर काशीपुर के पर्यटन विकास को नई दिशा दे सकती हैं।
KDF का मानना है कि काशीपुर का गौरवशाली अतीत, औद्योगिक सामर्थ्य और भौगोलिक महत्व इसकी आर्थिक समृद्धि के मजबूत आधार बन सकते हैं। नगर निगम, औद्योगिक संस्थानों, व्यापारिक संगठनों एवं सामाजिक संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों से काशीपुर को उत्तराखंड के एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
काशीपुर डेवलपमेंट फोरम (KDF)
स्वच्छ, स्वस्थ, आत्मनिर्भर एवं पर्यटन समृद्ध काशीपुर के संकल्प के साथ।बैठक मे शरत गोयल, डॉ चक्रेश जैन, प्रमोद गोयल, डॉ योगराज उपस्थित रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800

