काशीपुर। नवनियुक्त पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) के रूप में कार्यभार संभालने के बाद प्रशांत कुमार (2015 बैच के पीपीएस अधिकारी) ने आज मीडिया से रूबरू होते हुए अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना उनकी कार्यशैली का मुख्य आधार रहेगा। सीओ प्रशांत कुमार ने कहा कि काशीपुर शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार प्रयास करेगा। शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष रणनीति तैयार की जाएगी, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। शहर में ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने के लिए भी निगरानी बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य कानून व्यवस्था लागू करने के साथ साथ जनता के बीच विश्वास कायम करना भी है। फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा।
उल्लेखनीय है कि तेज-तर्रार, कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार छवि के लिए पहचाने जाने वाले प्रशांत कुमार उत्तराखंड पुलिस में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने की उनकी कार्यशैली की विशेष पहचान रही है। समाज में हो रहे अपराधों और माफिया तत्वों के खिलाफ उनके सख्त रुख को देखते हुए उनकी नियुक्ति को काशीपुर की कानून-व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रुद्रपुर में सीओ सिटी के पद पर प्रभावी सेवाएं देने के बाद अब उन्हें काशीपुर का सीओ नियुक्त किया गया है। साथ ही बाजपुर सीओ का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। ऐसे में काशीपुर और बाजपुर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की उम्मीदें भी उनसे काफी बढ़ गई हैं।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



