काशीपुर। थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर काशीपुर के राजकीय चिकित्सालय में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष इंतजार हुसैन के नेतृत्व में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, चिकित्सकों एवं समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए मानव सेवा को सर्वोपरि बताया। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष इंतजार हुसैन ने कहा कि थैलेसीमिया एक गंभीर बीमारी है, जो विशेष रूप से बच्चों को प्रभावित करती है। इस बीमारी से ग्रसित बच्चों को जीवित रहने के लिए प्रत्येक माह कम से कम दो बार रक्त चढ़ाने की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में रक्त की लगातार जरूरत बनी रहती है और कई बार रक्त की कमी के कारण मरीजों एवं उनके परिजनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए उनकी टीम विगत कई वर्षों से लगातार रक्तदान शिविरों का आयोजन कर समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है, इसलिए हर स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने समाज के युवाओं से आगे आकर इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभाने का आह्वान भी किया कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राम मेहरोत्रा एवं काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ी सेवा है और समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग की सहायता करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को निरंतर बढ़ावा मिला है, जिससे प्रेरणा लेकर कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष राम मेहरोत्रा ने कहा कि समाज सेवा सबसे बड़ा कर्म है और समाजसेवियों का उत्साहवर्धन करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान और सेवा के संकल्प के साथ कार्य करती आई है और आगे भी इसी भावना के साथ समाजहित में कार्य करती रहेगी। इस अवसर डॉ. गिरीश तिवारी भाजपा अल्प संख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री फारूक खान, पूर्व महानगर महामंत्री आरिफ हुसैन, मीडिया प्रभारी मोहम्मद रफी, प्रदेश उपाध्यक्ष शमशाद हुसैन, गुलशेर अली, शबाना, अंजुम, नसरीन जहां, हाजी रशीद, डॉ. कुनाल कौशिक, बाबूराम, जाकिर हुसैन, मोहम्मद कमर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। रक्तदान शिविर के माध्यम से न केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त संग्रहित किया गया, बल्कि लोगों को यह संदेश भी दिया गया कि रक्तदान महादान है और यह किसी अनमोल जीवन को बचाने का माध्यम बन सकता है। कार्यक्रम का समापन समाज सेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ हुआ।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



