



भाजपा महिला मोर्चा ने संगठन मजबूती और जनकल्याणकारी नीतियों के प्रचार पर किया मंथन
काशीपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से आज भाजपा के पूर्व संगठन मंत्री एवं पूर्व प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष सृष्टि आहूजा बंसल के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक एवं स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा काशीपुर के कवि नगर मंडल की अध्यक्ष राधा चौहान के नेतृत्व में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर जिला उपाध्यक्ष सृष्टि आहूजा बंसल का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा समाज के पिछड़े एवं वंचित वर्गों के उत्थान को लेकर भारतीय जनता पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं और भाजपा की नीतियों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए, ताकि समाज का प्रत्येक वर्ग इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सके।

इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष सृष्टि आहूजा बंसल ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

वहीं कवि नगर मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष राधा चौहान ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से महिला मोर्चा की पूरी टीम संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि सभी महिला कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा की नीतियों एवं सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगी।

भाजपा के पूर्व संगठन मंत्री संजय कुमार ने भी महिला कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन की मजबूती पर बल दिया। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति भाजपा संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और महिला मोर्चा की सक्रिय भागीदारी से पार्टी को और अधिक मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में काशीपुर भाजपा मीडिया प्रभारी अवनीश कुमार चौहान, महिला मोर्चा मंडल महामंत्री किरन फर्त्याल, नेहा चौहान, उपाध्यक्ष निशा शर्मा, पायल अग्रवाल, नसरीन खान, मंत्री मोनी चौधरी, प्रीति शर्मा, चंद्रकांता चौहान, अर्चना शर्मा, रानी यादव, ज्योति शर्मा, मधुबाला, मंजू चौहान, सरिता कश्यप सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। अंत में सृष्टि आहूजा बंसल ने सभी महिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि महिला मोर्चा की टीम पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ भाजपा की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



