
काशीपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान केवीएस प्रीमियर ग्रुप द्वारा प्रायोजित तथा भारतीय खेल प्राधिकरण, काशीपुर, रोटरी क्लब ऑफ काशीपुर एवं महिला पतंजलि योग समिति, ऊधमसिंह नगर पश्चिम के सहयोग से स्पोर्ट्स स्टेडियम, रामनगर रोड, काशीपुर में विशाल योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पुरुषों, महिलाओं एवं बच्चों ने भाग लेकर योग साधना का लाभ उठाया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर दीपक बाली, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, नगर आयुक्त रविन्द्र सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर सिंह, तहसीलदार पंकज चंदौला, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह चौधरी, थानाध्यक्ष आईटीआई विक्रम सिंह राठौर तथा केवीएस प्रीमियर ग्रुप के प्रबंध निदेशक देवेंद्र कुमार अग्रवाल एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” रही, जिसका उद्देश्य बढ़ती उम्र में भी स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए योग के महत्व को बढ़ावा देना है।
योग जीवन को संतुलित और स्वस्थ बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम : देवेंद्र कुमार अग्रवाल
शिविर को संबोधित करते हुए केवीएस प्रीमियर ग्रुप के प्रबंध निदेशक देवेंद्र कुमार अग्रवाल ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि संपूर्ण जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, अनियमित दिनचर्या और विभिन्न बीमारियों से बचने के लिए योग सबसे कारगर उपाय है। उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का कार्य करता है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत बनता है। योग अनुशासन, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास को बढ़ावा देता है। उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत समाज और समृद्ध राष्ट्र की नींव होते हैं। देवेंद्र अग्रवाल ने कहा कि केवीएस प्रीमियर ग्रुप सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में लगातार भागीदारी करता रहा है और भविष्य में भी जनहित एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
योग भारत की विश्व को अनमोल देन : महापौर दीपक बाली
मुख्य अतिथि महापौर दीपक बाली ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की वह अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली और आज दुनिया के लगभग 191 देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। महापौर ने कहा कि योग केवल बीमारी दूर करने का माध्यम नहीं बल्कि स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन जीने की कला है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग को दे तो अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से योग को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ युवा ही देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। दीपक बाली ने कहा कि योग व्यक्ति, समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाने का माध्यम है तथा प्रत्येक नागरिक को योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। शिविर में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा संगीतमय योगाभ्यास, सूर्य नमस्कार एवं विभिन्न योग कलाओं का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के अंत में महिला पतंजलि योग समिति द्वारा शिविर के सफल आयोजन हेतु केवीएस प्रीमियर ग्रुप का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी योग साधकों ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ, निरोग एवं संतुलित जीवन जीने का संकल्प लिया।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



