
काशीपुर। जिलाधिकारी ऊधमसिंहनगर के निर्देशों के अनुपालन में नगर निगम काशीपुर ने वर्षा के दौरान खाली प्लॉटों और भूखंडों में होने वाले जलभराव को लेकर सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इस संबंध में नगर निगम कार्यालय में नगर आयुक्त रविन्द्र सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार पंकज चन्दोला एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी मौजूद रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम सीमा क्षेत्र के सभी जलभराव संभावित खाली प्लॉटों और भूखंडों का प्राथमिकता के आधार पर सर्वे कराया जाएगा। जिन भूखंडों में जल निकासी संभव नहीं है, उनके स्वामियों को अपने खर्च पर फेंसिंग कराने और चेतावनी बोर्ड लगाने के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे। एक सप्ताह के भीतर सभी ऐसे स्थलों को चिन्हित कर श्रेणीवार सूची तैयार करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने बताया कि हाल ही में जलभराव वाले एक खाली भूखंड में दो मासूम बच्चों की डूबने से हुई दर्दनाक मौत के बाद यह विशेष अभियान शुरू किया गया है। अब तक 15 भूखंड स्वामियों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं, जबकि अन्य चिन्हित स्थलों पर भी कार्रवाई जारी है। बैठक के बाद संयुक्त टीम ने जसपुरखुर्द और पक्काकोट सहित जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा अधिकारियों और सफाई निरीक्षकों को नालों की नियमित सफाई, अवरुद्ध जल निकासी मार्गों को तत्काल खुलवाने और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि आसपास किसी खाली प्लॉट या भूखंड में जलभराव होने पर इसकी सूचना तुरंत नगर निगम या जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को दें। साथ ही बच्चों को ऐसे स्थानों से दूर रखने और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की भी सलाह दी गई है।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर:
नगर निगम काशीपुर: 9259725619
जिला आपदा कंट्रोल रूम: 05944-250250 / 05944-250719
टोल फ्री आपदा हेल्पलाइन: 1077

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
