
रुद्रपुर/उधमसिंहनगर। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए जिले में डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया सहित वेक्टर जनित एवं जल जनित बीमारियों की रोकथाम और प्रभावी नियंत्रण के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. के.के. अग्रवाल की अध्यक्षता में मुख्यालय सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी सरकारी अस्पतालों के पैथोलॉजिस्ट एवं लैब टेक्नीशियन मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए सीएमओ डॉ. के.के. अग्रवाल ने कहा कि मानसून के दौरान मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों के मामलों में वृद्धि की संभावना रहती है। इसे देखते हुए सभी स्वास्थ्य संस्थान पूरी तरह सतर्क रहें तथा आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर लें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सरकारी अस्पतालों में विशेष डेंगू वार्ड स्थापित किए जाएं। साथ ही डेंगू की जांच के लिए पर्याप्त टेस्टिंग किट, आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक तथा सभी चिकित्सा उपकरणों को सुचारु रूप से संचालित अवस्था में रखा जाए, ताकि मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। सीएमओ ने जिला चिकित्सालय रुद्रपुर, उपजिला चिकित्सालय खटीमा एवं काशीपुर को विशेष रूप से निर्देशित किया कि डेंगू की एलाइजा (ELISA) जांच के लिए पर्याप्त किट एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित की जाए। बैठक में जिलेभर में मच्छरों के पनपने वाले स्थानों को चिन्हित कर उन्हें नष्ट करने (सोर्स रिडक्शन) तथा व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आमजन को साफ-सफाई बनाए रखने, घरों और आसपास पानी जमा न होने देने तथा डेंगू व मलेरिया से बचाव के प्रति लगातार जागरूक किया जाए। इस अवसर पर जिला सर्विलांस अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को डेंगू, मलेरिया और अन्य वेक्टर जनित बीमारियों के लक्षण, रोकथाम एवं बचाव संबंधी विस्तृत जानकारी भी दी। बैठक में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. डी.पी. सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.पी. सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी गरुनाम सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनएचएम) हिमांशु मस्युनी, जिला डाटा मैनेजर श्री चांदमिया सहित जिले के सभी सरकारी अस्पतालों के पैथोलॉजिस्ट एवं लैब टेक्नीशियन उपस्थित रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
