काशीपुर। काशीपुर महिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पूजा सिंह ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे का स्वागत करते हुए कहा कि उनका आगमन प्रदेश कांग्रेस संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि खड़गे के दौरे से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, उत्साह और संगठन को मजबूत करने का संकल्प और अधिक प्रबल होगा। पूजा सिंह ने कहा कि रुद्रपुर स्थित होटल सोनिया में आयोजित बैठक में प्रदेश नेतृत्व द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा, आयोजन संबंधी तैयारियों और इसे ऐतिहासिक बनाने को लेकर व्यापक स्तर पर विचार-विमर्श किया गया है। उन्होंने कहा कि भले ही वह इस बैठक में व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं हो सकीं, लेकिन कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और काशीपुर महानगर महिला कांग्रेस भी इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का उत्तराखंड दौरा प्रदेश के राजनीतिक परिदृश्य में नई दिशा देने का कार्य करेगा। उनके विचारों और मार्गदर्शन से संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं में जनता के बीच अधिक प्रभावी ढंग से काम करने का उत्साह बढ़ेगा। पूजा सिंह ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देवभूमि उत्तराखंड की जनता राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का गर्मजोशी से स्वागत करेगी और उनका यह दौरा संगठन को नई मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने के लिए कार्यकर्ताओं में नया आत्मविश्वास भी पैदा करेगा।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
