IMG-20260727-WA0023

काशीपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी के निर्देशानुसार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आमजन को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा काशीपुर में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह अभियान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सबसे पहले चैती चौराहा क्षेत्र स्थित दो दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक किराना दुकान से जांच के लिए कच्ची मूंग धुली दाल तथा धनिया पाउडर के नमूने लिए गए। इन नमूनों को विधिवत सील कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद टीम ने चैती चौराहा स्थित एक मिठाई की दुकान का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, भंडारण व्यवस्था तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन का जायजा लिया गया। दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में विभाग की टीम ने न्यू आवास विकास क्षेत्र में प्राप्त शिकायत के आधार पर सड़क किनारे संचालित आठ ठेला व्यवसायियों का निरीक्षण किया। इनमें मोमोज, चाउमीन, छोले-कुलचे तथा अन्य खाद्य सामग्री बेचने वाले ठेले शामिल थे। निरीक्षण के दौरान जिन ठेला संचालकों के पास खाद्य सुरक्षा विभाग का आवश्यक लाइसेंस या पंजीकरण नहीं पाया गया, उन्हें नोटिस जारी किए गए। साथ ही उन्हें शीघ्र खाद्य लाइसेंस बनवाने तथा बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार न करने की सख्त हिदायत दी गई। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह ने बताया कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के सभी नियमों का पालन करें, लाइसेंस एवं पंजीकरण अनिवार्य रूप से बनवाएं तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएं। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!