
कोटाबाग। उत्तराखंड राज्य सरकार के निर्देशों के अनुपालन में उच्च शिक्षा विभाग उत्तराखंड द्वारा राज्य के समस्त राजकीय उच्च शिक्षण संस्थानों एवं महाविद्यालयों में आयोजित ए.बी.बी.एस.-2026 (अखिल भारतीय शिक्षा समागम) की साप्ताहिक श्रृंखला के अंतर्गत बुधवार, 19 अगस्त 2026 को राजकीय महाविद्यालय कोटाबाग के सेमिनार हॉल में “तनाव प्रबंधन एवं मानव जीवन के संतुलन में योग की भूमिका” विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। महाविद्यालय के योग विज्ञान विभाग की प्रशिक्षक तनुजा के संयोजन में आयोजित कार्यशाला का उद्देश्य वर्तमान भागदौड़ एवं तनावपूर्ण जीवनशैली में व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक संतुलन बनाए रखते हुए स्वस्थ जीवन जीने के लिए योग की उपयोगिता से अवगत कराना रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ समस्त कार्मिकों एवं आसपास के स्थानीय नागरिकों को भी आमंत्रित किया गया। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) कमरुद्दीन की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मनुष्य लगातार विभिन्न समस्याओं और तनावों से जूझ रहा है। ऐसे में योग, ध्यान और नियमित व्यायाम तनाव प्रबंधन तथा स्वस्थ जीवनशैली के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने योग विज्ञान विभाग एवं योग प्रशिक्षक तनुजा द्वारा आयोजित कार्यशाला को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इसके सकारात्मक प्रभाव दूरगामी एवं उपयोगी होंगे।
कार्यशाला की संयोजक एवं योग प्रशिक्षक तनुजा ने अपने उद्बोधन तथा लाइव डेमो के माध्यम से योग, ध्यान, प्राणायाम एवं शारीरिक क्रियाओं की उपयोगिता समझाई। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, संतुलित, दीर्घायु एवं प्रसन्न जीवन के लिए दैनिक दिनचर्या में योग एवं प्राणायाम को शामिल करना आवश्यक है। कार्यशाला में छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान योग एवं प्राणायाम की वर्तमान समय में आवश्यकता, तनाव प्रबंधन तथा मानव जीवन में शारीरिक एवं मानसिक संतुलन स्थापित करने में इसकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई ए.बी.बी.एस.-2026 साप्ताहिक कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. संत कुमार ने बताया कि इस कार्यशाला के साथ साप्ताहिक श्रृंखला का विधिवत समापन किया गया। उन्होंने बताया कि श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने एवं स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को आगामी कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रो. (डॉ.) अंजली पुनेरा, डॉ. सुनीता बिष्ट, डॉ. सुमन पांडेय, डॉ. आलोक पांडे, डॉ. संत कुमार सहित महाविद्यालय के अन्य कार्मिक, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
