
काशीपुर। जनपद ऊधमसिंह नगर में मनःप्रभावी औषधि ट्रामाडोल के बिक्री एवं भंडारण के सत्यापन को लेकर प्रशासन और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को काशीपुर में विभिन्न थोक मेडिकल प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। कार्रवाई जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया से प्राप्त आदेशों एवं उप औषधि नियंत्रक के निर्देशन में उपजिलाधिकारी काशीपुर अभय प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई। छापेमारी के दौरान औषधि विभाग ऊधमसिंह नगर एवं नैनीताल तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने काशीपुर स्थित थोक मेडिकल प्रतिष्ठानों के अभिलेखों और ट्रामाडोल से संबंधित खरीद-बिक्री का सत्यापन किया। जांच के दौरान दो फार्मास्यूटिकल, काशीपुर में ट्रामाडोल की खरीद के सापेक्ष बिक्री एवं भुगतान का सत्यापन नहीं पाए जाने पर दोनों प्रतिष्ठानों के औषधि संबंधी क्रय-विक्रय पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी गई। साथ ही दोनों प्रतिष्ठानों को बंद करने की कार्रवाई की गई। इसी क्रम में यूनिक सर्जिकल, मोहल्ला अल्लीखां में जांच के दौरान फर्म स्वामी के मौके से चले जाने और बुलाए जाने के बावजूद उपस्थित नहीं होने पर प्रशासन की ओर से फर्म को सील करने की कार्रवाई की गई। वहीं नाइस मेडिकोज, काशीपुर को ट्रामाडोल के क्रय-विक्रय से संबंधित दस्तावेज सात दिवस के भीतर प्रस्तुत कर उनका सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद में मनःप्रभावी औषधियों की बिक्री एवं भंडारण से संबंधित सत्यापन और जांच की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक ऊधमसिंह नगर नीरज कुमार, वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नैनीताल मीनाक्षी बिष्ट, औषधि निरीक्षक ऊधमसिंह नगर निधि शर्मा एवं शुभम कोटनाला तथा औषधि निरीक्षक नैनीताल अर्चना शामिल रहीं।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
