IMG-20260823-WA0034

काशीपुर। काशीपुर स्थित कलश मंडप में अखिल ब्राह्मण उत्थान महासभा के बैनर तले महिला प्रकोष्ठ की ओर से भव्य ‘तीजोत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए सावन के पारंपरिक गीतों, कजरी, भजनों अंताक्षरी और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सावन की मल्हार और कजरी गीतों से हुआ। महिलाओं ने सामूहिक रूप से पारंपरिक गीत एवं भजन प्रस्तुत किए। इसके बाद झूला झूलने, नृत्य करने सहित विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का दौर चला। महिलाओं ने तंबोला, अंताक्षरी सहित कई तरह के खेलों में उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में हंसी-मजाक और मनोरंजन का ऐसा माहौल रहा कि पूरा कलश मंडप सावन के उल्लास से सराबोर नजर आया। तीजोत्सव के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई थी। सभी ने मिल-जुलकर व्यंजनों का आनंद लिया। करीब तीन घंटे तक चले इस मस्ती और उमंग से भरे कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक संस्कृति और आपसी भाईचारे का सुंदर संदेश दिया। कार्यक्रम का आयोजन अखिल ब्राह्मण उत्थान महासभा महानगर काशीपुर महिला प्रकोष्ठ की नगर अध्यक्षा श्रीमती लता शर्मा के नेतृत्व में किया गया। आयोजन को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर श्रीमती लता शर्मा ने कहा कि तीज केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, परंपराओं और आपसी प्रेम को मजबूत करने का अवसर है। सावन का महीना महिलाओं के लिए विशेष उल्लास लेकर आता है। तीजोत्सव के माध्यम से हम अपनी लोक परंपराओं, गीत-संगीत और संस्कारों को जीवंत रखते हुए नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने, अपने अनुभव साझा करने और कुछ समय के लिए रोजमर्रा की व्यस्तताओं से अलग होकर खुशी के पल बिताने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी महिलाओं का कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी महिला प्रकोष्ठ की ओर से समाजहित एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने आयोजन की सराहना की और तीजोत्सव को यादगार बनाने के लिए महिला प्रकोष्ठ की नगर अध्यक्षा लता शर्मा का आभार जताया। पूरे कार्यक्रम में सावन की मस्ती, लोक संस्कृति की झलक और महिलाओं की उमंग देखने को मिली। इस मौके पर पूनम शर्मा, पूनम पन्त, सुधा राय, काजल शर्मा, कल्पना दीक्षित, अनुपम शर्मा, अलका नागर, हेमा बक्शी, डॉक्टर शुभ्रा शर्मा, डोली, ज्योति शर्मा, शालिनी, मंजू, आरती शर्मा, प्रीति शर्मा, प्रमिता शर्मा, ज्योति, मधु शर्मा, कुमकुम सक्सेना, संगीता आदि दर्जनों महिलाओं ने तीज महोत्सव का आनंद लिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!