Screenshot_20260918_134106_WhatsApp

काशीपुर। चन्द्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, गतिविधियों, विभिन्न शिविरों तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला समन्वयक श्री धर्मेन्द्र सिंह बसेड़ा ने दीप प्रज्वलित कर किया। महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या डाॅ. दीपिका आत्रेय ने बुके भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं एवं एनएसएस स्वयंसेवियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. वन्दना सिंह ने स्वयंसेवियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के आदर्श वाक्य, संदेश एवं उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को बताया कि एनएसएस का उद्देश्य विद्यार्थियों में समाज सेवा की भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक समस्याओं के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। उन्होंने स्वयंसेवियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि श्री धर्मेन्द्र सिंह बसेड़ा ने छात्राओं को एनएसएस के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न शिविरों एवं गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नियमित एवं विशेष शिविर, राष्ट्रीय एकीकरण शिविर, गणतंत्र दिवस परेड, मेगा शिविर, साहसिक शिविर तथा राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2027 आदि के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों को समाज के विभिन्न वर्गों के बीच जाकर कार्य करने और सामाजिक सरोकारों को नजदीक से समझने का अवसर प्रदान करता है।
श्री बसेड़ा ने छात्राओं के साथ अपने जीवन के अनुभव भी साझा किए और एनएसएस से जुड़े अपने अनुभवों के माध्यम से स्वयंसेवियों को सेवा कार्यों के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने एनएसएस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग की भावना, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में एनएसएस में पंजीकरण कराने और इसकी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने एनएसएस से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं। उन्हें बताया गया कि नियमित गतिविधियों के साथ-साथ विशेष शिविरों में भाग लेकर स्वयंसेवी ग्रामीण क्षेत्रों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के बीच जाकर जनजागरूकता, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य सामाजिक विषयों पर कार्य कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या डाॅ. दीपिका आत्रेय ने मुख्य अतिथि श्री धर्मेन्द्र सिंह बसेड़ा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं को एनएसएस की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. गीता मेहरा, असिस्टेंट प्रोफेसर डाॅ. दीपा चनियाल, डाॅ. अंजलि गोस्वामी, डाॅ. रंजना, डाॅ. ज्योति रावत, डाॅ. रजना, श्रीमती शीतल अरोरा, डाॅ. पुष्पा धामा, श्रीमती कृति टण्डन, कु. सृष्टि सिंह सहित महाविद्यालय की छात्राएं एवं एनएसएस स्वयंसेवी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!